फोटो: 21रेवाड़ी। दिल्ली रोड स्थित एक दोपहिया वाहन शौरूम में खड़ी बाइकें। स्रोत: संचालक
रेवाड़ी। अक्षय तृतीया के मद्देनजर चार पहिया और दो पहिया वाहनों की खूब बिक्री हो रही है। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों व इससे होने वाले प्रदूषण की वजह से बाजार में इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीद पर जोर दिया जा रहा है। लोग भी धीरे-धीरे इलेक्ट्रिक वाहनों की तरफ रूख कर रहे हैं। यही कारण है कि इस बार डिमांड भी बढ़ी है।
ई-रिक्शा शोरूम के मैनेजर रामपाल यादव ने बताया कि इलेक्ट्रिक स्कूटी की डिमांड इस वक्त काफी अधिक है। रोजाना 10-12 इलेक्ट्रिक स्कूटी बिक रहे हैं। कारण यह है कि यह सस्ता भी है और इसमें पेट्रोल डीजल डलवाने की भी जरूरत नहीं है। एक बार चार्जिंग करने पर पूरा दिन इसे चलाया जा सकता है। चार्जिंग वाले दो पहिया वाहनों के शोरूम के मैनेजर अनिल सिंह ने कहा कि इस वक्त उनके यहां चार्जिंग वाली स्कूटी की डिमांड अधिक है। बुकिंग काफी अच्छी चल रही है। 12-15 वाहनों की बिक्री हो रही है।
कारोबार काफी अच्छा जा रहा:
एक कार शोरूम मैनेजर राजेश कुमार ने बताया कि उनके यहां 6 से 8 कारों की बुकिंग हो रही है। इस कारोबार काफी अच्छा जा रहा है। लोगों को आकर्षित उपहार भी दिए जा रहे हैं। कार शोरूम मैनेजर राहुल ने बताया कि जैसे-जैसे अक्षय तृतीया नजदीक आ रहा है। कारों की बुकिंग और तेज हो रही है। पिछले सप्ताह जहां चार से पांच कारों की बुकिंग रोजाना हो रही थी, अब यह बुकिंग सात से आठ कारों की पहुंच चुकी है। उम्मीद है कि आने वाले दिनों में और ज्यादा बुकिंग बढ़ेगी।
पट्रोल दो पहिया वाहनों की भी डिमांड:
पेट्रोल से चलने वाले दो पहिया वाहन के शोरूम मैनेजर राकेश यादव ने बताया कि उनके यहां पर रोजाना 12 से 15 वाहनों की बुकिंग हो रही है। यह काफी अच्छी बुकिंग है। आने वाले दिनों में वाहनों की बिक्री की संख्या में इजाफा देखने को मिल सकता है। उन्होंने बताया कि अक्षय तृतीया पर वाहन खरीदना शुभ कार्य माना जाता है। यदि आप नया वाहन खरीदने की सोच रहे हैं, तो अक्षय तृतीया एक अच्छा दिन है।