हरियाणा के रेवाड़ी के गांव रामपुरा में एक घर के बाहर शराबी को पड़ा देख परिवार का मुखिया और उसका पड़ोसी शराबी के घर जानकारी देने पहुंच गए। शराबी के परिवार के लोगों ने उस शराबी को धमकाया। इसके बाद उसने शिकायत करने वाले परिवार में दो सगे भाइयों को चाकू घोंप दिया। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। रामपुरा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर से सटे गांव रामपुरा निवासी सुरेंद्र के घर के बाहर रविवार की रात करीब 10 बजे एक शराबी बाइक सहित पड़ा हुआ था। सुरेंद्र ने अपने पड़ोसी विनय कुमार को बुलाया तो उसने उसे पहचान लिया और बताया कि यह गांव का ही रहने वाला मिट्ठू है। सुरेंद्र और विनय दोनों मिट्ठू के घर पहुंचे और बताया कि मिट्ठू उनके घर के बाहर शराब पीकर पड़ा हुआ है। इस बीच मिट्ठू के पिता और पत्नी दोनों आए और उसे धमकाया।
इसके बाद मिट्ठू भागकर सीधे अपने घर गया। इस बीच सुरेंद्र के दोनों बेटे दीपक व लवभूषण भी घर के बाहर निकल आए। इससे पहले कोई कुछ समझ पाता आरोपी मिट्ठू चाकू लेकर पहुंचा और पहले दीपक को और फिर लवभूषण को चाकू मार दिया। चाकू मारने के तुरंत बाद आरोपी मौके से भाग गया। दीपक व लवभूषण को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घायलों के बयान दर्ज कर कर लिए हैं। आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला भी दर्ज कर लिया है। उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- शिवचरण, थाना प्रभारी, रामपुरा।