रेवाड़ी। आगामी 23 मई को 17वीं लोकसभा चुनाव की मतगणना की तैयारियां पूरी कर ली गई है। मतगणना के लिए 14 टेबल लगाई जाएगी। जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों बावल, रेवाड़ी व कोसली के लोकसभा चुनाव के मतों की मतगणना के लिए नियुक्त किए गए मतगणना सहायक, मतगणना सुपरवाइजर व मतगणना माईक्रो आर्ब्जवर को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त अशोक कुमार शर्मा व पुलिस अधीक्षक राहुल शर्मा ने शनिवार को तीनों मतगणना केन्द्रों का अवलोकन किया। लोकसभा आम चुनाव-2019 की मतगणना के लिए राजकीय महिला महाविद्यालय रेवाड़ी में बावल व रेवाड़ी विधानसभा का तथा जैन वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रेवाड़ी में कोसली विधानसभा क्षेत्र के काउंटिंग हॉल बनाए गए हैं। उपायुक्त ने बताया कि प्रत्येक मतगणना हॉल में निष्पक्ष व पारदर्शी व्यवस्था बनाए रखने के लिए मतगणना के दिन वीडियोग्राफर तैनात किए जाएंगे। मतगणना के दौरान प्रत्येक काउंटिंग टेबल पर प्रत्याशियों के एक-एक काउंटिंग एजेंट को बैठने की अनुमति दी जाएगी। इसके लिए सभी प्रत्याशी फार्म-18 में अपने काउंटिंग एजेंट्स की नियुक्ति कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि सुरक्षा के लिए अर्ध सैनिक बल नियुक्त किए गए हैं। हरियाणा पुलिस के जवान भी सुरक्षा में सहयोग कर रहे हैं। स्ट्रांग रूम के पास ही राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को बैठने के लिए जगह दी गई है।