अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। विधायक रणधीर सिंह कापडीवास ने शुक्रवार को नागरिक अस्पताल में डायलिसिस विंग का रिबन काटकर शुभारंभ किया। अस्पताल के पुराने भवन के द्वितीय तल पर डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। विधायक ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर (ईडब्ल्यूएस), बीपीएल और एससी श्रेणी के लोग जो हरियाणा के निवासी है तथा सरकार के कर्मचारियों के लिए यह सुविधा नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि अब यहां के लोगों को डायलिसिस के लिए गुरुग्राम, दिल्ली, रोहतक और जयपुर नहीं जाना पड़ेगा। विधायक ने बताया कि डायलिसिस विंग में एक बार में आठ मरीजों के लिए यह सुविधा उपलब्ध होगी। आवश्यकता हुई तो क्षमता बढ़ाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में 462 दवाईयां, 226 मेडिकल कंज्यूम बेल्स, 36 लीलन आइटम, 121 प्रोग्राम मेडिसिन तथा 87 डेंटल मैटीरियल की मुफ्त सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के नेतृत्व में 13 अस्पतालों, 14 सीएचसी, 26 पीएचसी व 37 उपस्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण किया गया है। प्रदेश के 13 अस्पतालों व तीन मेडिकल कॉलेजों में सीटी स्कैन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
धारूहेड़ा में बनाया जाएगा 50 बिस्तर का अस्पताल
सविल सर्जन डॉ कृष्ण कुमार ने बताया कि धारूहेडा क्षेत्र में 50 बिस्तर का अस्पताल बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि डायलिसिस रक्तशोधन की एक कृत्रिम विधि होती है। डायलिसिस की प्रक्रिया को तब अपनाया जाता है जब किसी व्यक्ति के गुर्दे सही से काम नहीं करते हैं और गुर्दे से जुड़े रोगों, लंबे समय से मधुमेह के रोगी, उच्च रक्तचाप जैसी स्थितियों में कई बार डायलिसिस की आवश्यकता पड़ती है। डॉ. ने बताया कि डायलिसिस की सुविधा बीपीएल, आयुष्मान भारत, आर्थिक रूप से कमजोर श्रेणी के मरीजों को नि:शुल्क मिलेगी। इस अवसर पर सीएमओ डॉ कृष्ण कुमार, डायलिसिस के ऑप्रेशन मैनेजर पुनीत छिल्लर, डॉ. अशोक, डॉ. लाल सिंह, डॉ. भंवर सहित अन्य चिकित्सक भी उपस्थित थे।