अलवर में कमल खिलाएंगे बालकनाथ! ,,,,,,,18 और 19
गद्दीनशीन होने के बाद 15 अक्तूबर को पहली बार अलवर पहुंचेंगे बालकनाथ, अलवर के सभी विधायकों को फोन कर बुलाया
प्रवीण शर्मा
रेवाड़ी।
बाबा मस्तनाथ मठ रोहतक के महंत चांदनाथ के निधन के बाद उनके उत्तराधिकारी बाबा बालकनाथ के भरोसे भाजपा एक बार फिर अलवर लोकसभा की चुनावी वैतरणी पार करने की तैयारी में है। बाबा रामदेव और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समर्थन के बाद भाजपा जनवरी में संभावित अलवर लोकसभा के उपचुनाव में बाबा बालकनाथ को भाजपा का टिकट दे सकती है।
मस्तनाथ मठ पर गद्दीनशीन होने के बाद बाबा बालकनाथ पहली बार 15 अक्तूबर को अलवर के नीमराणा स्थित नाथ संप्रदाय के बड़े मठ जोशीहेड़ा पहुंच रहे हैं। अपने पहले आगमन को लेकर बाबा बालकनाथ ने अलवर के भाजपा के सभी नौ विधायकों को फोन कर जोशीहेड़ा मठ आने का न्योता दिया है। माना जा रहा है कि यहीं से बाबा बालकनाथ के अलवर की राजनीति में उतरने की शुुरुआत होगी। महंत चांदनाथ के चुनाव में बाबा बालकनाथ ने अलवर में चुनाव प्रचार भी किया था।
यह बन रहा है समीकरण
बाबा बालकनाथ मूलरूप से अलवर के कोराना गांव से हैं। महंत चांदनाथ ने बीमार होने पर बाबा बालकनाथ को अपनी गद्दी का वारिस बना दिया था। पिछले दिनों भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी के अलवर आगमन पर भाजपा विधायकों ने किसी भी बाहरी को टिकट देने का विरोध किया था। चूंकि बाबा बालकनाथ अलवर से हैं। वहीं यादव होने से इन्हें अलवर के साढ़े तीन लाख यादव मतदाताओं का लाभ मिल सकता है।
डेढ़ साल की पारी और साढ़े 18 करोड़ बाकी
महंत चांदनाथ के बीमार होने के चलते अभी अलवर लोकसभा क्षेत्र में विकास के लिए आई सांसद निधि के साढ़े 18 करोड़ रुपये की राशि शेष बची है। महंत चांदनाथ अलवर में बनने वाले महर्षि भर्तृहरि विश्वविद्यालय को मूर्त रूप देेने सहित कई अन्य कार्य करना चाहते थे। माना जा रहा है उपचुनाव के बाद बचे डेढ़ साल के कार्यकाल में इस निधि का उपयोग कर महंत चांदनाथ के सपने को पूरा किया जा सकता है। उल्लेखनीय है कि महंत चांदनाथ के निधन पर बाबा रामदेव सहित अन्य लोगों ने बाबा बालकनाथ के माध्यम से महंत चांदनाथ के अधूरे काम पूरे कराने की बात कही थी।
------------
बाबा बालकनाथ ने फोन कर 15 सितंबर को जोशीहेड़ा मठ आने का न्योता दिया है। हम इसमें जाएंगे। पार्टी जिसे भी टिकट देगी हम सच्चे सिपाही की तरह उसका समर्थन करेंगे। - बनवारीलाल, विधायक, अलवर शहर