संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिले की रेवाड़ी व कोसली अनाज मंडी में सरसों के साथ गेहूं की आवक तेजी से हो रही है। शुक्रवार को रेवाड़ी मंडी में 63 किसानों से 2870 क्विंटल गेहूं की खरीद 2425 रुपये एमएसपी की दर से की गई। कोसली में 6000 क्विंटल गेहूं के खरीद हुई है।
गेहूं की खरीद 12 प्रतिशत नमी तक की करने का नियम है जबकि अभी मंडी में आने वाले गेहूं में ज्यादा नमी आ रही है। रेवाड़ी अनाज मंडी में 355 किसानों से 7000 क्विंटल सरसों की खरीद की गई। बावल में 92 टोकन कटे। 2100 क्विंटल सरसों खरीदा गया। कोसली में 36000 क्विंटल की आवक हुई थी 28000 कमेंट सरसों खरीद गया। रेवाड़ी, कोसली व बावल की मंडी में गेहूं खरीद किया जाएगा। इनमें रेवाड़ी शहर की नई अनाज मंडी में मंगलवार, वीरवार व शनिवार को फूड सप्लाई और सोमवार, बुधवार व शुक्रवार को हैफेड की ओर से खरीद की जाएगी। इसी तरह बावल में केवल हरियाणा वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन का ही शेड्यूल है। कोसली की मंडी में नए बदलाव अनुसार सोमवार व बुधवार को फूड सप्लाई और बाकी दिन हैफेड का शेड्यूल रहेगा।
हैफेड के डीएम प्रवीण शर्मा ने कहा कि हैफेड का रेवाड़ी मंडी में सोमवार, बुधवार व शुक्रवार को खरीद का शेड्यूल है। अब कोसली की मंडी में भी मंगलवार, वीरवार, शुक्रवार व शनिवार को भी शेड्यूल दिया गया है। उन्होंने कहा कि गेहूं में 12 फीसदी से कम नमी होनी चाहिए। मापदंड पर खरा उतरने वाली ढेरी की ही खरीद की जाएगी। इसलिए किसान परेशानी से बचने के लिए अपनी उपज को सुखाकर और साफ करके लाएं।
अनाज मंडियां सरसों से अटी पड़ीं
मौजूदा समय में अनाज मंडियां सरसों से अटी पड़ी हैं। जितनी आवक हो रही है, उसका 50% ही अभी उठान हो पा रहा है। ऐसे में अब गेहूं की आवक होने के बाद मंडियां अनाज से अट गई हैं। इससे व्यवस्था बनाने में भी काफी परेशानी हो रही है। हर साल इसी प्रकार की स्थिति देखने को मिलती है। आढ़ती चाहते हैं कि सरसों की उठान की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। नहीं तो गेहूं और सरसों मंडी में रखना काफी मुश्किल हो जाएगा। व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने भी आदेश जारी कर दिए हैं, ताकि समय रहते किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। मंडी प्रशासन का कहना है कि उठान कार्य में जल्द ही तेजी लाई जाएगी, इसके लिए दिन-रात कार्य चल रहा है। किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी