अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। शहर के नागरिक अस्पताल में गर्भवती महिलाओं और गंभीर बीमारी से पीड़ित रोगियों को अल्ट्रासाउंड के लिए मिलने वाली लंबी तारीखों से निजात मिलेगी। स्वास्थ्य विभाग ने गर्भवती महिलाओं को उनके घर के नजदीक ही यह सुविधा उपलब्ध कराने के लिए निजी अल्ट्रासाउंड केंद्रों से अनुबंध करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। रेवाड़ी शहर के दो केंद्रों के साथ बावल और धारूहेड़ा में भी अल्ट्रासाउंड केंद्रों से अनुबंध हो चुका है। वर्तमान में नागरिक अस्पताल में एक ही अल्ट्रासाउंड केंद्र है।
प्रशासन ने प्रधानमंत्री मातृत्व सुरक्षा अभियान के तहत जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के तहत आने वाले गांवों की गर्भवती महिलाओं के लिए अल्ट्रासाउंड की सुविधा उनके आसपास ही उपलब्ध कराने की कार्ययोजना तैयार कर ली है। सभी जगह अल्ट्रासाउंड केंद्रों से टाई-अप किया जा रहा है। इसमें तीन स्थानों पर यह प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। फिलहाल रेवाड़ी और बावल में अल्ट्रासाउंड केंद्रों से टाई-अप हो चुका है। ऐसे में आने वाले दिनों में गर्भवती महिलाओं के लिए यह सुविधा उनकी परेशानी का कम करेगी। जिले में एक नागरिक अस्पताल और पांच सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैं। इनमें नाहड़, बावल, मीरपुर, खोल और गुरावड़ा शामिल हैं। नागरिक अस्पताल को छोड़कर किसी भी केंद्र में अल्ट्रासाउंड की सुविधा नहीं है। अर्थात जिले भर के मरीज और गर्भवती महिलाएं नागरिक अस्पताल में ही अल्ट्रासाउंड के लिए आते हैं। अस्पताल में रोजाना 70 तक मरीज अल्ट्रासाउंड के लिए आते हैं। इनमें से आधे को तारीख लेकर जाना पड़ता है। इस वजह से मरीजों को एक से डेढ़ माह की तारीख मिल रही थी। तारीख पाने वालों में गर्भवती महिलाएं भी शामिल हैं। अमर उजाला के चलाए अभियान के बाद उपायुक्त अशोक कुमार शर्मा ने इस मामले में संज्ञान लेकर तुरंत अनुबंध की प्रक्रिया को तेज करने का निर्देश दिया है। इसके बाद रेवाड़ी में दो और बावल में एक अल्ट्रासाउंड केंद्र से टाई-अप हो चुका है। नाहड़ के लिए कोसली में एक केंद्र से अनुबंध हुआ है। धारूहेड़ा में भी एक केंद्र से अनुबंध हो चुका है। अब गुरावड़ा केंद्र की दूरी रेवाड़ी और कोसली से बराबर है। यहां के लिए भी दोनों जगह की बात चल रही है।
रेवाड़ी में दो और बावल में एक केंद्र से टाई-अप किया जा चुका है। उनमें अल्ट्रासाउंड होने से शुरू हो गए हैं। धारूहेड़ा में एक संचालक से एग्रीमेंट हो चुका है। नाहड़ में कोई अल्ट्रासाउंड केंद्र नहीं होने की वजह से कोसली के एक अल्ट्रासाउंड से अनुबंध की प्रक्रिया सिरे चढ़ गई है। जल्द ही गर्भवती महिलाओं को उनके घर के नजदीक ही यह सुविधा मिलेगी। - डॉ. कृष्ण कुमार सिविल सर्जन