सुविधाओं को लेकर गर्भवती महिला समेत तीन लोगों को पीटा, सोसायटी ने थाने में जताया रोष
अमर उजाला ब्यूरो
धारूहेड़ा। दिल्ली-जयपुर राजमार्ग संख्या आठ पर स्थित एक सोसायटी में शुक्रवार रात को पहुंचे पांच युवकों ने सोसायटी में रहने वाले एक व्यक्ति और आरडब्ल्यूए प्रधान के साथ मारपीट की। पीड़ित की गभर्वती पत्नी जब बचाव के लिए आई तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। मारपीट की इस घटना के बाद सोसायटी के लोगों में रोष फैल गया। घटना के विरोध और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर सोसायटी के लोगों ने पहले धारूहेड़ा थाना पहुंचकर रोष जताया था इसके बाद पुलिस अधीक्षक राजेश दुग्गल से भी मुलाकात की।
पुलिस को दी शिकायत में लोगों ने बताया कि सोसायटी के लोगों ने लगभग एक माह पहले आरडब्ल्यूए का सर्वसम्मति से चुनाव किया है। इसमें चंद्रिका मोहन को प्रधान चुना गया है। आरोप है कि आरडब्ल्यूए का गठन के बाद आरडब्ल्यूए सोसायटी की सुविधाओं को अपने हाथ में लेना चाह रही है। इसी के चलते बिल्डर और आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों के बीच विवाद है। इसी विवाद के चलते सोसायटी में कुछ सुविधाओं पर ताला भी लगा दिया गया है। इसी खींचतान में शुक्रवार रात को सोसायटी निवासी कुंवरपाल के साथ मारपीट की गई। जब उनकी पत्नी बचाव को आई तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। पीड़ितों ने बताया कि महिला गर्भवती थी बावजूद इसके आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की। इसके बाद जब बीच बचाव के लिए प्रधान पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई। इसके बाद आरोपी चले गए। शनिवार सुबह पीड़ितों ने घटना के बारे में सोसायटी के लोगों की बैठक बुलाई तथा घटनाक्रम से अवगत कराया जिसके बाद लोग रोष जताकर धारूहेड़ा थाना में पहुंचे तथा आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस को शिकायत देकर जल्द कार्रवाई की मांग की। शिकायतकर्ता सोसायटी प्रधान चंद्रिका मोहन ने बताया कि आरोपियों ने सुविधाओं को लेकर चल रहे विवाद में उनको धमकी भी दी है कि सुविधाओं को लेकर की गई व्यवस्था आरडब्ल्यूए की बजाय उनको नहीं सौंपी गई तो इसका अंजाम बुरा होगा। घटना के विरोध में लोग पहले थाने पहुंचे तथा पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। तत्पश्चात पीड़ित पक्ष ने पुलिस अधीक्षक से भी मुलाकात की।
------------
मिल गई शिकायत, जांच की जा रही है
सोसायटी निवासी एक दंपति और आरडब्ल्यूए प्रधान की तरफ से हमें शिकायत मिल गई है। पीड़ितों का मेडिकल कराया जा रहा है। इसके बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी। - सहदेव, थाना प्रभारी धारूहेड़ा।