स्ट्रीट लाइट व्यवस्था चरमराई, हादसे और चोरियां बढ़ी
अमर उजाला ब्यूरो
धारूहेड़ा।
कस्बे की संतोष कालोनी में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था चरमराई होने के कारण शाम होते ही अंधेरा छा जाता है। उबड़ - खाबड़ रास्ता होने के कारण शाम को लोग हादसे के शिकार हो रहे हैं। चोरियों की घटनाएं बढ़ रही हैं। कच्ची गली ने भी लोगों की परेशानी को बढ़ा दिया है। स्थानीय लोग अधिकारियों को भी कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है। कस्बे की संतोष कालोनी में दो साल से ना तो स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था है और ना ही गली को पक्का बनाया गया है। लोगों ने पार्षद से लेकर अधिकारियों को कई बार लिखित शिकायत की है, लेकिन कोई समाधान नहीं हो पा रहा है। पार्षद का कहना है कि स्ट्रीट लाइट और गली को पक्का बनाने के लिए टेंडर पास हो चुका है।
क्या कहते हैं लोग
बिजली के अभाव में गली के लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। समस्या को लेकर संबंधित अधिकारी से शिकायत करने पर भी कोई ठोस कार्रवाई की गई हैं। सीएम विंडो पर भी शिकायत कर चुके हैं। - राहुल राजपूत स्थानीय निवासी
-----
कालोनी को बने 15 वर्ष होने के बाद भी बिजली के कनेक्शन नहीं दिए हैं। दूसरों के घरों से बिजली लेनी पड़ती है। बृजेश कुमार स्थानीय निवासी
-----
बिजली विभाग द्वारा दो वर्ष पहले खंभे लगाए थे। बिजली आज तक नहीं आ पाई है। नगर पालिका में शिकायत करने पर कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। ऊधम सिंह, स्थानीय निवासी
---------
शाम को कोचिंग जाने के लिए दूर जाना पड़ता है। गली में अंधेरा होने का कारण काफी परेशान होना पड़ता है। - मोहित कुमार, छात्र
---------------
इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है। अगर समस्या है तो उसका तुरंत समाधान करवा दिया जाएगा। - निशित कुमार, एसडीओ बिजली निगम धारूहेड़ा
---------
लाइट और सड़क के लिए टेंडर छोड़ दिया है। जल्द ही समस्या का समाधान कर दिया जाएगा। - संदीप मलिक सचिव नगर पालिका धारूहेड़ा।