ई पंचायत के विरोध में प्रदर्शन कर रहे सरपंच और ग्राम सचिव डीसी के तबादले पर अड़े
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
ई-पंचायत के विरोध में प्रदर्शन कर रहे सरपंचों, ग्राम सचिव संयुक्त संघर्ष समिति ने डीसी के रवैये से नाराज होकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने निर्णय लिया है। नाराज सरपंचों और ग्राम सचिवों का कहना है कि जब तक डीसी का तबादला नहीं हो जाता तब तक सचिवालय के मुख्य द्वार पर ही धरना दिया जाएगा। इस दौरान समिति के सदस्यों ने डीसी के खिलाफ भी नारेबाजी की। ई पंचायत के विरोध में प्रदर्शन कर रहे लोग डीसी कार्यालय में ज्ञापन सौंपने पहुंचे। मामले में सीटीएम ज्ञापन लेने पहुंचे तो आंदोलनकारियों ने डीसी को बाहर बुलाने की मांग की। डीसी के नहीं आने पर आंदोलनकारी अड़ गए। इस दौरान कार्यालय के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। सरपंचों के बढ़ते रोष के बाद उपायुक्त पीछे के रास्ते से कैंप कार्यालय चले गए। सरपंचों का कहना था कि डीसी धरनास्थल पर ही ज्ञापन लेने आए।
ई पंचायत के विरोध में प्रदेश के सरपंचों द्वारा विरोध किया जा रहा है। 28 मार्च को प्रदेशभर के सरपंच मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपेंगे। इसी कड़ी में प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर सरपंचों द्वारा वीरवार को डीसी को ज्ञापन देने का कार्यक्रम प्रस्तावित था। सुबह करीब 10 बजे सभी सरपंच एवं ग्राम सचिव शहर के नेहरू पार्क में एकत्रित हुए। सरपंचों एवं ग्राम सचिवों ने सरकार द्वारा लागू किए ई-पंचायत और ग्राम सचिव एसोसिएशन के प्रधान श्रीभगवान को बुधवार को सस्पेंड करने पर विरोध जताया। वक्ताओं ने कहा कि ई पंचायत खत्म करने के साथ ग्राम सचिव श्रीभगवान को तत्काल बहाल किया जाए। इसके बाद जुलूस के रूप में जिला सचिवालय पहुंचे। करीब आधा घंटा बाद ज्ञापन लेने लिए सीटीएम पहुंचे, लेकिन सरपंचों ने उन्हें ज्ञापन सौंपने से मना कर दिया। सरपंचों का कहना था कि उपायुक्त बाहर आकर उनका ज्ञापन लें लेकिन उपायुक्त ने बाहर आने से मना कर दिया। उपायुक्त की ओर जिला सचिवालय में धरना प्रदर्शन किए जाने पर रोक लगाई है। 12 मार्च को दिए जारी के आदेशानुसार अगले आदेश तक यहां धारा-144 लगाई हुई है। डीसी द्वारा ज्ञापन नहीं लेने से नाराज सरपंचों ने वीरवार को सरेआम धारा-144 की धज्जियां उड़ाई।
ग्राम सचिव को बहाल करे
अनियमितताओं के आरोपों में डीसी द्वारा बुधवार को निलंबित किए ग्राम सचिव श्रीभगवान को बहाल करने के लिए सभी सरपंचों एवं ग्राम सचिवों ने हुंकार भरी। उन्होंने कहा कि जब तक ग्राम सचिव को बहाल नहीं किया जाता आंदोलन जारी रहेगा।
---------
राजनीतिक लोग पहुंचे समर्थन देने
सरपंचों व ग्राम सचिव के इस धरने को समर्थन देने के लिए एसयूसीआई नेता राजेंद्र सिंह यादव एडवोकेट, युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव चिरंजीव राव, पूर्व इनेलो नेता सतीश यादव तथा इनेलो के जिला प्रवक्ता रजवंत डहीनवाल पहुंचे। उन्होंने जनप्रतिनिधियों की मांग को जायज बताया तथा कहा कि यह लोकतंत्र है। उपायुक्त जनता के सेवक है, उन्हें ज्ञापन लेने के लिए जनप्रतिनिधियों के पास आना चाहिए।
----------
इस अवसर पर एसोसिएशन के जिला प्रधान एडवोकेट चरणसिंह चौधरी, सरपंच मुकेश सुलखा, सरपंच मनोज कुमार बलियार प्रधान रेवाड़ी ब्लॉक, प्रदीप कुमार प्रधान ब्लॉक जाटूसाना, कृष्ण देव डहीना ब्लॉक प्रधान, राकेश नाहड़ ब्लॉक प्रधान, सरपंच रमेश कुमार और सरपंच जितेंद्र मौजूद रहे।