स्वयंसेवकों ने गांव के रास्तों पर चलाया सफाई अभियान
रेवाड़ी। दिल्ली रोड स्थित किशनलाल पब्लिक कॉलेज की प्रथम एवं तृतीय इकाई की ओर से गांव खलीलपुरी स्थित मां सती भवानी मंदिर परिसर में आयोजित सात दिवसीय शिविर के चौथे दिन स्वयंसेवकों द्वारा गांव के तालाब, आंगनबाड़ी व पुलिस लाइन की ओर जाने वाले मुख्य रास्ते की साफ-सफाई की गई।
शाम को आयोजित विचार गोष्ठी में मुख्यातिथि के रूप में साहित्यकार एवं संगीतकार सत्यवीर सिंह नहाड़िया व श्रीपति ने शिरकत की। कार्यक्रम में सत्यवीर ने ग्रामीण धरोहर के लुप्त होने पर चिंता व्यक्त की और अपनी काव्यात्मक शैली के द्वारा स्वयंसेवकों को अपनी संस्कृति विरासत को संजोकर रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने दक्षिणी हरियाणा के इस क्षेत्र के सैनिक इतिहास पर भी काव्यपाठ किया। श्रीपति ने देशभक्ति गीतों द्वारा स्वयंसेवकों में जोश भरा। स्वयंसेवकों के विशेष आग्रह पर संगीतकार श्रीपति ने उस गीत को प्रस्तुत किया, जो किशनलाल पब्लिक कॉलेज की गोल्डन जुबली पर के विशेष अवसर पर बनाया गया था। कार्यक्रम के अंत में कार्यक्रम अधिकारी अनिल यादव व डॉ. संजय कुमार द्वारा दोनों अतिथियों का धन्यवाद किया। इस मौके पर ममता शर्मा ,गांव खलीलपुरी के सरपंच ओम प्रकाश सहित आदि मौजूद रहे।