रोड सेफ्टी बिल नहीं तर्कसंगत, रोडवेज कर्मियों ने किया प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
हरियाणा रोडवेज कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति ने मंगलवार को बस स्टैंड पर प्रदर्शन किया। समिति के पदाधिकारियों ने रोड सेफ्टी बिल तर्क संगत नहीं है। प्रस्तावित संशोधनों को सार्वजनिक परिवहन सेवा विरोधी बताकर वापस करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान रोडवेज कर्मचारी यूनियन के प्रधान ऊधम सिंह ने कहा कि मोटर व्हीकल एक्ट में संशोधन के लिए लाया रोड सेफ्टी बिल पूरी तरह से असंगत है। उन्होंने कहा कि बिल में नए प्रस्ताव शामिल करने के लिए ट्रांसपोर्ट मजदूर आपरेटर्स की राय लेकर ही बिल में संशोधन शामिल किया जाए ताकि उन पर जो असर पड़ रहा है उसके बारे में भी सरकार को जानकारी मिल सके। उन्होंने कहा कि इसका सीधा असर इस पेशे से जुड़े श्रमिकों पर पड़ेगा और बीमा कंपनियों की भी मनमानी बढ़ जाएगी।
रोडवेज वर्कर्स यूनियन के प्रधान रवि लांबा ने कहा कि यह एकल वाहन स्वामियों के खिलाफ है। उनके हितों की रक्षा के लिए इसमें कोई प्रावधान नहीं है। सरकार इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर बिल में संशोधन करें। प्रदर्शन के बाद कर्मचारियों ने एमवी एक्ट संशोधन विधेयक को वापस लेने, मूल्य वृद्धि की जारी अधिसूचना को वापस लेने, असंगठित क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट श्रमिकों के लिए 24 हजार रुपये न्यूनतम वेतनमान तय करने सहित अन्य मांगों का ज्ञापन राज्यपाल के नाम महाप्रबंधक बलवंत सिंह गोदारा को सौंपा। इस अवसर पर अरविंद कुमार कुंडू, प्रवीण कुमार, नरेंद्र दखौरा, सतीश मस्तापुर, सतपाल सिंह, प्रवीण सिंह, धर्मबीर सिंह, राजेंद्र सिंह, संजय कुमार, नवीन कुमार, संजय सिंह, कैलाश गुर्जर, अशोक कुमार, योगेश कुमार सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।