संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। विधानसभा चुनाव को लेकर जिले में कुल 792 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। 72-बावल में 257, 73-कोसली में 276 और 74-रेवाड़ी विधानसत्रा क्षेत्र में 259 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं।
भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जारी शेड्यूल अनुसार जिले में पहली अक्तूबर को होने वाले 15वीं विधानसभा के लिए होने वाले चुनाव को लेकर तैयारी की जा रही है। जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक मीणा ने कहा कि शांतिप्रिय ढंग से चुनाव संपन्न कराने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन की ओर से जिले में कुल 792 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। 72-बावल में 257, 73-कोसली में 276 तथा 74-रेवाड़ी विस में 259 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं।
जिला चुनाव कार्यालय रेवाड़ी के आंकड़ों पर नजर डालें तो इस बार कुल 729572 वोटर बावल, कोसली व रेवाड़ी के विधायक का चुनाव करेंगे। जिले के तीन विधानसभा क्षेत्र बावल, कोसली व रेवाड़ी में कुल वोटर की संख्या 729572 है, जिनमें 381068 पुरूष, 348497 महिलाएं व 7 थर्ड जेंडर शामिल हैं। विधानसभा क्षेत्र अनुसार आंकड़ों पर नजर डालें तो बावल विस क्षेत्र में कुल 227896 मतदाता हैं, जिनमें 119002 पुरुष व 108894 महिलाएं, कोसली विस क्षेत्र में कुल 250168 मतदाता हैं, 130689 पुरूष, 119478 महिलाएं व 1 थर्ड जेंडर तथा 74-रेवाड़ी विस क्षेत्र में कुल 251508 मतदाता हैं, जिनमें 131377 पुरुष, 120125 महिलाएं व 6 थर्ड जेंडर हैं।