चालक को बंधक बना मारपीट करने व नकदी छीनने का आरोपी काबू
रेवाड़ी। जिला महेंद्रगढ़ निवासी एक चालक को बंधक बनाकर उससे मारपीट करने व नकदी छीनने के मामले में मॉडल टाउन थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मॉडल टाउन निवासी चंद्रशेखर के रूप में हुई है।
जांचकर्ता एएसआई अरविंद कुमार ने बताया कि महेंद्रगढ़ के गांव लहरोदा निवासी अर्जुन सिंह ने अपनी शिकायत में बताया था कि 22 फरवरी की सुबह वह गांव करनावास स्थित डिपो पर टैंकर लेकर तेल लेने के लिए आया था। हिंदुस्तान पेट्रोलियम के डिपो के पास वह अपना टैंकर पीछे कर रहे थे तथा हेल्पर गांव डुलाना निवासी लक्ष्मण सिंह टैंकर पीछे करने में मद्द कर रहा था। इसी दौरान तीन लोग वहां पहुंचे ओर उसे टैंकर से नीचे उतार कर मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने उसे एक प्लाट में बंधक बना लिया तथा मारपीट की तथा चालक की जेब से नकदी भी छीन ली थी। बाद में आरोपियों ने दोबारा गाड़ी लेकर आने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी। अर्जुन की शिकायत पर माडल टाउन थाना पुलिस ने उत्तम नगर निवासी रामनिवास, माडल टाउन निवासी चंद्रशेखर व मथुरा के सेरा निवासी राजन सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी ओर उक्त आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। सोमवार आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।