बावल-धारूहेड़ा में पेयजल व्यवस्था पर खर्च हो रहे हैं 224 करोड़ रुपये : जनस्वास्थ्य मंत्री
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी राज्यमंत्री डॉ. बनवारी लाल ने कहा कि किसी भी क्षेत्र के विकास के लिए बिजली, पानी व सड़क की आवश्यकता होती है। प्रदेश में सरकार ने इन्हीं को ध्यान में रखकर इन पर फोकस कर नई दिशा देने का कार्य किया है। उन्होंने बताया कि बावल बिधानसभा क्षेत्र, धारूहेड़ा तथा अन्य गांवों को 224 करोड़ की लागत से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। इस योजना का कार्य अंतिम चरण पर हैं। इसके शुरू होने के बाद 30 वर्षों तक पेयजल की कोई कमी नही रहेगी। उन्होंने बताया कि धारूहेड़ा, भडसाना, नन्दरामपुर बास बेल्ट में नहरी पेयजल के लिए व्यवस्था की जा रही है ताकि लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो। इस मौके पर नगर पार्षद अशोक जोशी ने कस्बा की समस्याएं रखी। मंत्री ने मौके पर ही अधिकारियों को फोन कर हल करने के आदेश दिये। इस अवसर पर सरपंच दलबीर सहित अन्य अन्य लोग उपस्थित थे।
इससे पूर्व कार्यकारी जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी जेपी यादव के धारूहेड़ा स्थित निवास पर पहुंचकर उनकी माता माया देवी के निधन पर शोक व्यक्त कर परिवार को सांत्वना दी। माया देवी का कुछ समय पहले अस्वस्थ होने की वजह से निधन हो गया था। 82 वर्षीय माया देवी धार्मिक महिला थी तथा सामाजिक कार्यों मे बढ़ चढ़कर भाग लेती थीं।