सामूहिक विवाह सम्मेलन में परिणय सूत्र में बंधें 19 जोड़े
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। श्रीश्याम सेवा समिति की ओर से 16 वां सामूहिक विवाह सम्मेलन रविवार को रेलवे रोड स्थित माखनलाल धर्मशाला में संपन्न हुआ। दोपहर में अनाज मंडी स्थित शिव मंदिर से दूल्हों की निकासी रवाना हुई, जिसे नई अनाज मंडी के प्रधान राधेश्याम मित्तल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। निकासी विभिन्न मार्गों से होकर माखनलाल धर्मशाला पहुंची। इसके बाद शाम को बाबा श्याम का गुणगान हुआ। शाम के कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सामाजिक न्याय एवं आधिकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर थे। यहां वर-वधू परिणय सूत्र में बंधे। विभिन्न स्थानों से आए लोगों ने वर-वधू को आशीर्वाद देकर उन्हें बेहतर जीवन की शुभकामना दी।
219 जोड़े बंध चुके बंधन में : श्रीश्याम सेवा समिति प्रतिवर्ष शहर में सामूहिक विवाह का आयोजन करती है। यह 16 वां कार्यकम था। अब तक समिति की ओर से 219 जोड़ों की शादी कराई जा चुकी है। इसके लिए वर-वधू में से किसी एक का रेवाड़ी का होना जरूरी है। शहर की विभिन्न संस्थाएं इस कार्य में सहयोग करती हैं।