छुट्टी को लेकर बना रहा असमंजस, ठिठुरते हुए स्कूल पहुंचे नौनिहाल
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। प्रदेश में चल रही स्कूलों की छुट्टी को लेकर सोमवार को असमंजस की स्थिति रही। शिक्षा निदेशालय की ओर से पहले 27 दिसंबर से 7 जनवरी तक छुट्टी के आदेश थे। इसके चलते सुबह ही बच्चे स्कूलों में पहुंचने लगे। वहीं रविवार को शिक्षा निदेशालय की ओर से ठंड को देखते हुए 14 जनवरी तक छुट्टी बढ़ाने के आदेश दिए गए। इससे सोमवार को अभिभावकों व बच्चों में असमंजस की स्थिति की रही कि छुट्टी किस कक्षा तक के बच्चों की गई है। इसके चलते सोमवार सुबह ही बच्चे ठिठुरते हुए स्कूलों में पहुंचे। इस दौरान पूरे दिन छुट्टी की बात चलती रही। मगर पूरी जानकारी न होने के चलते पूरे दिन ही असमंजस की स्थिति बनी रही। इस कारण शहर के सरकुलर रोड, दिल्ली रोड, रामपुरा रोड समेत अन्य निजी स्कूल खुले रहे।
---
नौवीं से 12वीं तक की कक्षाएं हुई शुरू
शिक्षा निदेशालय के आदेशों के अनुसार ठंड को देखते हुए 14 जनवरी तक आठवीं कक्षा तक के बच्चों की छुट्टी रहेगी। वहीं नौवीं से 12वीं तक की कक्षाएं आठ जनवरी से लगनी शुरू हो गई हैं। गौर हो कि 27 दिसंबर से प्रदेश में शीतकालीन अवकाश शुरू हुए थे और सात जनवरी तक रखे गए थे। सर्दी बढ़ने पर शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा ने रविवार को छुट्टियां बढ़ाकर 14 जनवरी तक करने के आदेश दे दिए, लेकिन अभिभावकों को स्कूल की ओर से इस बारे में कोई सूचना नहीं मिलने पर सोमवार को बच्चे स्कूल पहुंचे। स्कूली वाहन भी बच्चों के घरों पर उन्हें लेने आ गए। वहीं मीडिया के माध्यम से छुट्टी की सूचना के बावजूद अधिकांश स्कूलों ने इस संबंध में कोई निर्देश नहीं दिए। सभी अपने परिचितों को फोन करते देखे गए। कई लोग समाचार पत्रों में छपी खबरों हवाला दे रहे थे। इसके बावजूद स्कूल खुले। हालांकि विद्यार्थियों की संख्या कम ही देखी गई।
---
यह है मसला
असल में परीक्षाएं सिर पर हैं। पहले खेल महाकुंभ, गीता महोत्सव, शीतकालीन अवकाश आदि के चलते छुट्टियां पहले ही काफी हो चुकी हैं, जिसके चलते बच्चों का सिलेबस पूरा नहीं हो पाया है। ऐसे में शिक्षा निदेशालय ने नौवीं से 12वीं तक की कक्षाएं लगाने के निर्देश दिए हैं।
---
छुट्टियां आठवीं कक्षा तक के बच्चों की हैं। नए आदेशों में नौवीं से 12 वीं तक की कक्षाएं लगेंगी। सरकारी आदेशों का पूरी तरह से पालन किया जाएगा।
धर्मवीर बल्डोदिया, जिला शिक्षा अधिकारी, रेवाड़ी
---
शिक्षा निदेशालय का नया निर्णय शिक्षण संस्थानों के हित में है। पहले से ही कार्यक्रमों के चलते सिलेबस बहुत पीछे रहा है। ऐेसे में छुट्टी बढ़ने से दिक्कत हो सकती थी, लेकिन निदेशालय से नौवीं से 12वीं तक की कक्षाओं की छुट्टियां रद्द कर बच्चों के भविष्य के साथ न्याय किया है।
सूर्यकमल, प्रधान, प्राइवेट स्कूल वेलफेयर एसोसिएशन, रेवाड़ी