तीसरे दिन नप टीम की छह घंटे कार्रवाई, सामान जब्त, आज नहीं लगेगा संडे बाजार
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। अतिक्रमण के खिलाफ नगर परिषद तीसरे दिन भी सख्त रहा। शनिवार को भी करीब छह घंटे तक नगर परिषद ने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की। नगर परिषद की टीम सुबह 11 बजे मोती चौक पहुंची और यहां घंटेश्वर मंदिर तक बाजार में हो रहे अतिक्रमण को हटाया गया। इस दौरान बड़ी मात्रा में दुकानों के बाहर रखा सामान भी जब्त किया गया। इसके बाद यह कार्रवाई रेलवे रोड, नई सब्जी मंडी एवं आर्य समाज रोड पर भी हुई। जिस ओर भी नगर परिषद का दस्ता पहुंचता दुकानदार अपना सामान अंदर रखने लग जाते। दुकानदारों में दिनभर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। वहीं रेलवे चौक से अतिक्रमण हटाने के बाद नप की टीम अपने साथ आए पुलिस बल को छोड़ नाईवाली चौक की ओर बढ़ चले। इसके बाद पुलिसकर्मी टैंपो से नाईवाली चौक तक पहुंचे। वहां पहुंचकर सीधे कार्रवाई में जुट गए। शहर के बाजारों में अतिक्रमण के खिलाफ हो रही कार्रवाई के बाद बाजार काफी खुले-खुले लग रहे हैं।
---
अब नहीं लगेगा संडे बाजार
शहर में गोकल गेट से पुरानी सब्जी मंडी तक लगने वाला संडे बाजार अब नहीं लगेगा। अतिक्रमण की समस्या को लेकर नगर परिषद ने अब इस पर रोक लगा दी है। उल्लेखनीय है कि संडे में बाजार में सामान सस्ता मिलने के कारण दूर-दराज से लोग आते थे। यहां स्थायी दुकानदार भी अपनी दुकानों के आगे फड़ लगाकर सामान बिकवाते थे। जिससे समस्या और अधिक हो जाती थी। नगर परिषद ने अब फड़ लगाने वालों पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
---
40 साल से बंद है नालियां
शहर के गोकलगेट से घंटेश्वर मंदिर का बाजार व्यस्ततम बाजार है। यहां पर अतिक्रमण की समस्या भी विकट है। यहां सड़क के दोनों ओर बनी नालियां करीब 40 साल से बंद हैं। अगर इन नालियों को खुलवाकर इनके नीचे फुटपाथ बनवा दिया जाएं तो अतिक्रमण की समस्या भी नहीं रहेगी। शनिवार को कार्रवाई के दौरान व्यापारी विवेक धींगड़ा के नेतृत्व में यही बात नगर परिषद के अधिकारियों से कही गई। अधिकारियों ने भी इस मांग को शीघ्र स्वीकारने का आश्वासन दिया।
---
छाया रहा डिवाइडर का मुद्दा
बाजारों में अतिक्रमण को लेकर एक बड़ी समस्या जाम की भी है। शहर में जाम की समस्या से निपटारे के लिए गत वर्ष बाजार में डिवाइडर लगाए गए थे। इन पर लाखों रुपये का खर्चा आया था। बाद में इन्हें ठीक नहीं बताते हुए इन्हें हटाकर महाराणा प्रताप चौक के समीप डाल दिया गया, जिससे जाम की समस्या फिर गहरा गई। हालांकि नप अधिकारी फिर से इस संबंध में कोई समाधान करने की बात कहते रहे।
---
नाईवाली चौक पर नप टीम का विरोध
अतिक्रमण के खिलाफ चली कार्रवाई के तहत नप की टीम नाईवाली चौक पर पहुंची। यहां मार्केट कमेटी की करीब 40 दुकान हैं। नप कर्मियों के यहां कार्रवाई करने पर दुकानदारों ने इसका विरोध किया। इस पर मार्केट कमेटी सचिव सत्यप्रकाश भी मौके पर पहुंच गए। वहां उन्होंने दुकानदारों को हद में रहने की हिदायद की। इसके बाद नगर परिषद की टीम कार्रवाई कर आगे बढ़ चली। यहीं समीप नई सब्जी मंडी में शौचालय के बाहर लगने वाली रेहड़ी चालकों को भी नगर परिषद ईओ ने आगे से रेहड़ी ना लगाने की हिदायत दी।
---
नगर परिषद की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। शुक्रवार को भी शहर के बाजारों में बड़ी कार्रवाई की गई। अब संडे बाजार में फड़ भी नहीं लगाने देंगे। ऐेसा करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
मनोज यादव, ईओ, नगर परिषद