वाहन की जांच करती पुलिस की टीम। स्रोत : पुलिस
रेवाड़ी। जिले में अपराध पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस का विशेष चेकिंग अभियान जारी है। पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा के निर्देश पर सितंबर में जिले के प्रमुख मार्गों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर नाकाबंदी कर वाहनों की सघन जांच की गई।
इस दौरान बिना नंबर प्लेट और 10 से 15 वर्ष पुराने डीजल-पेट्रोल वाहनों समेत 701 वाहनों को इंपाउंड किया गया, जबकि 2129 चालान काटे गए। पुलिस के अनुसार वाहन की नंबर प्लेट उसकी कानूनी पहचान है। नंबर प्लेट को छिपाने, धुंधला करने, अंकों से छेड़छाड़ करने या उस पर अनधिकृत नाम, पद अथवा स्लोगन लिखवाने पर कार्रवाई की जाएगी।
ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा 10 से 15 वर्ष पुराने डीजल और पेट्रोल वाहनों पर भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
सितंबर में बिना नंबर प्लेट के 914 और बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) के 1215 वाहनों के चालान काटे गए। पुलिस का कहना है कि अपराधियों पर शिकंजा कसने और सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।