फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rewari News: खाली प्लॉट में कूड़ा फेंकने वाले 70 मकान मालिक चिह्नित, जारी होंगे नोटिस

Tue, 30 Sep 2025 12:21 AM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रेवाड़ी
विज्ञापन
फोटो : 18हाउसिंग बोर्ड मार्ग पर ​बिखरा पड़ा कूड़ा। संवाद
विज्ञापन
रेवाड़ी। खाली प्लॉटों में कूड़ा फेंकने की शिकायतों पर नगर परिषद ने कार्रवाई शुरू कर दी है। नगर परिषद की टीम ने कई खाली पड़े प्लॉटों का निरीक्षण किया जिसमें पड़ोस के लोग कूड़ा डाल रहे थे। कूड़े के इस ढेर से गंदगी फैल रही थी और दुर्गंध से बीमारियां फैलने का डर बना हुआ था। टीम ने खाली प्लॉटों में कूड़ा फेंकने वाले 70 मकान मालिकों को चिह्नित किया है जिन्हें नोटिस जारी किए जाएंगे।
विज्ञापन

नगर परिषद को लगातार यह शिकायतें मिल रही थीं कि शहर के अलग-अलग वार्डों में खाली पड़े प्लॉटों पर लोग कूड़ा फेंक रहे हैं। स्थानीय निवासी कई बार अधिकारियों को इससे अवगत करा चुके थे।
शिकायतों में कहा गया कि खाली प्लाॅट में कूड़ा फेंकने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। मच्छर जनित और संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बना हुआ है। शिकायतों के आधार पर परिषद ने एक विशेष टीम गठित की जिसने मौके पर जाकर हकीकत जांची।
विज्ञापन

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि अधिकांश मामलों में जिन भवनों में किरायेदार रहते हैं, वहां से निकलने वाला कूड़ा ही खाली प्लॉटों में डाला जा रहा है। कई भवन मालिक भी कूड़ा डाल रहे है। खासतौर पर 4, 5 और 6 नंबर वार्डों में यह समस्या सबसे ज्यादा पाई गई।
इन वार्डों में अधिकतर मकान मालिक स्वयं अन्यत्र रहते हैं और मकानों को किराये पर दे रखा है। ऐसे में किरायेदार घर का कचरा बाहर फेंक देते हैं और इसकी जिम्मेदारी मकान मालिक पर आ जाती है।
शहर के निवासी राजेश यादव ने कहा कि लंबे समय से गंदगी की समस्या झेलनी पड़ रही थी। कई बार शिकायतें की गई लेकिन अब नगर परिषद ने सख्ती दिखाई है, जिससे लोगों को राहत मिलेगी। ममता देवी ने कहा कि गली के सामने खाली प्लॉट में कूड़ा डालने से पूरे मोहल्ले में बदबू फैल रही थी। अब जब मकान मालिक जिम्मेदार बनाए जाएंगे तो समस्या काफी हद तक कम हो जाएगी।

नगर परिषद ने की नोटिस जारी करने की तैयारी

नगर परिषद अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि चिह्नित मकान मालिकों को जल्द ही नोटिस जारी किए जाएंगे। इन नोटिसों में साफ कहा जाएगा कि यदि मकान से निकलने वाला कूड़ा सार्वजनिक स्थानों या खाली प्लॉटों में पाया गया तो सीधे तौर पर भवन मालिक जिम्मेदार होंगे। नगर परिषद आयुक्त ने बताया कि शहर को साफ-सुथरा रखना सभी की जिम्मेदारी है। यदि भवन मालिक अपने किरायेदारों को इस बारे में जागरूक नहीं करते तो उन्हें स्वयं जिम्मेदार ठहराया जाएगा।

नियम तोड़े तो लगेगा जुर्माना

अधिकारियों ने कहा कि नोटिस का पालन न करने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा। नगर परिषद पहले ही कई बार सार्वजनिक नोटिस जारी कर चुकी है कि शहर में कहीं भी खुले में कूड़ा डालना प्रतिबंधित है। इसके बाद भी शिकायतें आने के बाद अब परिषद ने सख्ती बरतने का निर्णय लिया है। जुर्माना राशि तय करने की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। नगर परिषद का कहना है कि पहले चरण में नोटिस देकर चेतावनी दी जाएगी, उसके बाद भी स्थिति न सुधरी तो आर्थिक दंड लगाया जाएगा और जरूरत पड़ी तो आगे कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।


वर्जन
परिषद की टीम ने हाल ही में कई खाली पड़े प्लॉटों का निरीक्षण किया, जहां पर आस-पड़ोस के लोग घरों से निकलने वाला कूड़ा डाल रहे थे। परिषद ने अब ऐसे मकान मालिकों को चिन्हित किया है। पहले नोटिस जारी होंगे, फिर कार्रवाई होगी। -सुधीर, सीएसआई, नगर परिषद रेवाड़ी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें