संवाद न्यूज एजेंसी
कोसली रेवाड़ी। नाहड़ पुलिस चौकी में तैनात स्पेशल पुलिस अधिकारी के साथ रिश्तेदारों ने घोड़ों के व्यापार में पार्टनरशिप का झांसा देकर 70 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित महेंद्रगढ़ जिले के गांव छिथरोली निवासी संजय कुमार बतौर एसपीओ नाहड़ पुलिस चौकी में तैनात है।
संजय कुमार ने एसपी को मामले की शिकायत दी थी। उसके बाद केस दर्ज किया गया। संजय ने शिकायत में बताया कि गांव बेरी (झज्जर) में उसकी बुआ रहती है, जिस कारण वहां आना-जाना था। उसकी बुआ के पोतों ने संजय की मुलाकात राहुल रोज से कराई तथा बताया कि वह उनका भांजा है। मालूम चला कि राहुल रोज की ब्रदर स्टेज फार्म के नाम से घोड़ों का फार्म है। इसमें बुआ का पोता भी शामिल है। झांसा दिया कि इस फार्म से घोड़ों की बिक्री करके अच्छे रुपये कमाते हैं। घोड़ों का विदेशों में भी हमारा खरीद-फरोख्त का अच्छा काम है।
आरोप है कि तीनों आरोपियों ने संजय कुमार को झांसे में लेकर बताया कि एक-एक घोड़े की कीमत 2-2 या 2.5-2.5 करोड़ की होती है और ये विदेशों में काफी महंगे बिकते हैं। कहा कि वह घोड़ा फार्म में पार्टनर बनाना चाहते हैं और पैसों की जरूरत है। आरोपियों की बातों में आकर संजय कुमार ने वर्ष 2020 व 2021 के दौरान 18 लाख रुपये उनके खातों में डलवाए। 28 सितंबर 2020 को संजय ने अपने भाई के खाते से 1 लाख रुपए ट्रांसफर किए। 29 सितंबर को इसी खाते में 3 लाख रुपये और ट्रांसफर करवाए।
आरोपी करते रहे गुमराह
आरोपियों ने 12 अप्रैल 2021 को फोन पर कहा कि 10 लाख रुपये खाते में करवा दो, जोकि उसी दिन छोटे भाई की पत्नी बैंक कनीना में ले जाकर उसके खाते से 10 लाख रुपये राहुल रोज के खाते में भेजे। वर्ष 2021 में 56 लाख रुपये अलग-अलग तारीखों को आरोपी नाहड़ आकर नकद लेकर गए। इस तरह कुल 70 लाख रुपये ठग लिए। संजय कुमार ने बताया कि आरोपी दो-ढाई साल तक यही कहते रहे कि घोड़ा फार्म में पार्टनर हो गए हो। जब उन्होंने रुपये के बारे में पार्टनरशिप डीड लिखवाने व रुपये की रसीद देने को कहा तो आरोपी बहाना बनाकर टालते रहे। कुछ दिन पहले जब वह आरोपियों से मिला तो उन्होंने धमकी दी कि रुपये मांगे तो जान से मार देंगे। इसके बाद एसपीओ ने एसपी को शिकायत दी। फिलहाल मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।