33 हजार केवी लाइन के टूटे तार: आधे शहर में ब्लैक आउट
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। झज्जर रोड स्थित 220 केवी सब स्टेशन से मॉडल टाउन स्थित 33 केवी सब स्टेशन को जोड़ने वाली लाइन के तार टूटने से शुक्रवार रात को आधे शहर की बिजली गायब रही। उमस भरी गर्मी के कारण लोगों की रात की नींद उड़ गई और शनिवार सुबह पेयजल आपूर्ति पर भी इसका असर देखा गया। बिजली निगम की टीम को आधे शहर के ब्लैक आउट को ठीक करने में करीब पांच घंटे से ज्यादा का समय लग गया। रात होने के कारण भी कर्मचारी कई घंटे फाल्ट ढूंढने में लगे रहे।
फाल्ट की वजह से टूटे तार
शहर को बिजली आपूर्ति झज्जर रोड स्थित 220 केवी सब स्टेशन से होती है। इस सब स्टेशन से शहर के मॉडल टाउन, सेक्टर-10 के साथ सब अर्बन कार्यालय के 33 केवी सब स्टेशन जुड़े हैं। इसके माध्यम से पूरे शहर को बिजली जाती है। मॉडल टाउन सब स्टेशन को आ रही 33 हजार वोल्टेज क्षमता की लाइन हुडा बाईपास के साथ-साथ राजेश पायलट चौक तक आ रही है। इस सब स्टेशन की मुख्य सप्लाई लाइन के तारों में शुक्रवार रात करीब 11 बजे फाल्ट आ गया। स्पार्किंग की वजह से तार जलकर गिर गए। इसके बाद मॉडल टाउन सब स्टेशन की बिजली आपूर्ति बंद हो गई। ऐसे में कई घंटे तक बिजली निगम के कर्मचारी सब स्टेशनों में ही फाल्ट ढूंढते रहे। 220 केवी सब स्टेशन से बिजली आपूर्ति सुचारु बताई जा रही थी। रात का समय होने के कारण निगम कर्मचारियों को कई घंटे फाल्ट ढूंढने लगे। जब टीम करीब साढ़े तीन बजे हुडा बाईपास पर रेवाड़ी-दिल्ली रेलमार्ग पर फाटक के समीप पहुंची तो वहां पर तार टूट मिले। इसके बाद लगभग एक घंटे की मशक्कत बाद तारों को जोड़कर बिजली आपूर्ति को सुचारु किया गया।
सात फीडरों की ठप हो गई बिजली
मॉडल टाउन सब स्टेशन की सप्लाई लाइन टूटने के बाद इस सब स्टेशन से जुड़े ढालियावास, सेक्टर तीन, कंटेनर डिपो, मॉडल टाउन, शक्ति नगर, ब्रास मार्केट, हंस नगर, राजीव नगर तथा आईओसी फीडर से जुड़े क्षेत्रों में रात 11 बजे से ही बिजली गुल हो गई। इस कारण इन फीडरों से जुड़े ढालियावास, भक्ति नगर, मनचंदा, राजेश पायलट चौक, सेक्टर तीन, हाउसिंग बोर्ड, मॉडल टाउन, ब्रास मार्केट, नई अनाज मंडी, बस स्टैंड, बावल चौक, परशुराम कालोनी, कंपनी बाग के साथ शक्ति नगर, राजीव नगर, तोपचीवाड़ा, बारा हजारी सहित पुराना शहर में रातभर बिजली गायब रही।
स्थानीय शिकायत केंद्र गायब, गुड़गांव करो शिकायत
निगम की तरफ शहर में स्थानीय स्तर पर शिकायत केंद्र का कोई नंबर जारी नहीं किया हुआ है। इसकी वजह से लोग रातभर परेशान रहे। सब स्टेशनों के लैंड लाइन उठते नहीं हैं। रात के समय निगम के अधिकारियों द्वारा मोबाइल पिकअप नहीं किए जाते हैं। इसके लिए निगम के गुरुग्राम स्थित कॉल सेंटर में फोन करना होता है। उसके बाद वह शिकायत अधिकारियों से कर्मचारी तक पहुंचती है। यह बहुत लंबा प्रोसेस है। शिकायत का समाधान होने पर कई घटों का समय तक लाता है।
पेयजल आपूर्ति पर भी असर
कटौती की वजह से शहर की पेयजल आपूर्ति पर भी शनिवार सुबह मामूली असर पड़ा। धारूहेड़ा चूंगी स्थित बूस्टिंग स्टेशन के माध्यम से शहर के तमाम बूस्टिंग स्टेशनों को भरा जाता है। रातभर बिजली गायब रहने के कारण बूस्टिंग स्टेशनों से सुबह के समय आपूर्ति प्रभावित हुई।
उमस ने निकाला दम
शहर में बिजली की आपूर्ति सुधरने की बजाय बिगड़ती जा रही है। एक तरफ पिछले दो दिनों से उमस भरी गर्मी का असर बना हुआ है वहीं शुक्रवार को रातभर बिजली गायब रहने के कारण काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। निगम की तरफ से पहले स्थानीय शिकायत केंद्र का नंबर जारी किया जाता है लेकिन अब कोई सुनने वाला ही नहीं है। - संदीप कुमार।
-------------
शुक्रवार की रात को कई घंटे तक बिजली गायब हो गई जिसकी वजह से रात के समय सो पाना भी संभव नहीं हुआ। एक तरफ पहले ही कटौती हो रही है तथा शहरी इलाकों में इतने समय बिजली गुल रहना बड़ी बात हैं। रात को निगम के सब स्टेशन पर फोन करने पर उठाया नहीं जाता है। - मंजूबाला।
-----------------
बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं हो रहा है जिसके चलते शुक्रवार रात को भी कई घंटों तक बिजली गायब रही है। इसके कारण रात के समय उमस भरी गर्मी में एक मिनट भी बगैर बिजली के रह पाना संभव नही है। निगम को इस स्थिति में सुधार करना चाहिए। - दीपक कुमार।
--------------
गर्मियों के दौरान इस तरह शिकायतें अक्सर आती है लेकिन निगम की तरफ से व्यवस्था के तौर पर बेहतर करने की बजाय उस पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। शहरी क्षेत्र में रातभर बिजली बंद रहने से इंन्वर्टर भी ठप हो गए। - राकेश कुमार।