नौ बैंक्वेट हाल सील, संचालकों में हड़कंप
रेवाड़ी। नगर परिषद की टीम ने बुधवार को कार्रवाई कर बगैर लाइसेंस चलने वाले नौ बैंक्वेट हालों को सील कर दिया। शादियों की बुकिंग निपटाने के बाद नगर परिषद की टीम द्वारा एक साथ शहर के नौ हालोें पर कार्रवाई करने से हड़कंप मच गया। इनमें कुछ बैंक्वेट हालों को दिसंबर माह की बुकिंग निपटाने की छूट दी गई थी। नप अधिकारियों ने चेतावनी देकर हॉलों को बंद करने के आदेश दिए थे।
सरकार की नीति के अनुसार उपायुक्त पंकज कुमार ने नगर परिषद के अधिकारियों को बिना लाइसेंस के चल रहे बैंक्वेट हालों पर कार्रवाई करने आदेश जारी किए थे। उपायुक्त के आदेशों की पालना करते हुए नप की टीम ने बुधवार को सबसे पहले झज्जर रोड स्थित पुष्प वाटिका को सील किया। इसके बाद मॉडल टाउन में आनंद, युक्ति गार्डन, जेपी गार्डन, अशोका गार्डन, श्याम वाटिका, संजय गार्डन, यादव समारोह, बलबीर गार्डन, पुष्प वाटिका को सील किया। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद बैंक्वेट हाल और मैरिज पैलेस संचालकों में हड़कंप मच गया है।
उल्लेखनीय है कि सरकार की नीति के अनुसार संचालकों को बैंक्वेट हाल शुरू करने से पहले प्रशासन से अनुमति लेनी होती है। उल्लेखनीय है कि शहर में लगभग 37 हॉल हैं। जिनमें से अधिकतर के पास लाइसेंस नहीं है। गत दो महीने पहले भी डीसी के निर्देशानुसार छह समारोह स्थलों पर कार्रवाई की गई थी। नप की मानें तो जल्द ही उपायुक्त के साथ बैठक कर बिना लाइसेंस के चल रहे बैंक्वेंट हालों पर कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों के आदेश सख्त होने से सील की कार्रवाई लगातार चलती रहेगी। शहर में चल रहे अन्य बैंक्वेट हाल और मैरिज पैलेस को भी सील किया जाएगा। कुछ जगह मोहलत के बाद भी दोबारा मैरिज पैलेस चलने की सूचना मिली थी, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा।
- मनोज यादव, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद, रेवाड़ी।