रोडवेज को मिलेंगी पांच नई बसें
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
रेवाड़ी रोडवेज के बेड़े में अब तीन पांच नई बसें जुड़ने वाली हैं। इन बसों के जुड़ने से एक तरफ जहां रोडवेज की चाल बढ़ेगी, वहीं यात्रियों को भी लाभ होगा। रेवाड़ी के रोडवेज डिपो के पास वर्तमान में 150 बसें हैं। अब इनमें पांच नई बसें जुड़ने वाली हैं। इसके लिए बाकायदा बजट भी आ गया है। इसे एचआरईसी (हरियाणा रोडवेज इंजीनियरिंग कार्पोरेशन) में जमा करा दिया गया है। संभावना जताई जा रही है ये बसें अगले माह तक रोडवेज के बेड़े में जुड़ जाएंगी। इन बसों के आने से यात्रियों को लाभ होगा। जानकारी के अनुसार रोडवेज डिपो शुरुआत में इन नई बसों को लंबे रूटों पर चलाएगा। एक तरफ रोडवेज के बेड़े में जहां पांच बसें जुड़ेंगी वहीं 31 अगस्त को चार बसें रिटायर्ड भी हो जाएंगी। रोडवेज के नियमानुसार कोई भी बस या तो आठ साल या फिर सात लाख किलोमीटर चलने के बाद बेड़े से बाहर होती हैं। ऐसा रोडवेज के सही संचालन के लिए किया जाता है।
रक्षाबंधन पर होगी विशेष व्यवस्था
रक्षाबंधन पर रोडवेज बसों के नि:शुल्क संचालन को लेकर रेवाड़ी डिपो ने भी पूरी तैयारी कर ली है। इस दिन सभी बसें निश्चित समय पर अपने रूटों पर चलेंगी। वहीं सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा। महिलाओं को किसी तरह की कोई परेशानी नहीं हो इसके लिए स्टैंड पर इंस्पेक्टर तैनात रहेंगे, जो महिलाओं को होने वाली परेशानियां दूर करेंगे। इसके अलावा इंदिरा गांधी यूनिवर्सिटी में चलने वाली रोडवेज बसों पर भी रेवाड़ी खास ध्यान रखेगा। रेवाड़ी डिपो से प्रतिदिन करीब 16 चक्कर मीरपुर के लगते हैं। यह संख्या कम होने से छात्राओं को परेशानी होती है। इसके लिए भी डिपो खासी व्यवस्था करने की बात कहता है। उनके अनुसार छात्राओं की संख्या को देखकर रोडवेज के फेरे बढ़ाने पर भी विचार होगा।
लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
निजी बसों के साथ कंपटीशन को देखकर रोडवेज बेहतर संचालन के साथ कार्यक्षमता भी बढ़ाने पर जोर दे रहा है। इसके लिए किसी भी तरह की कोताही नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं। अभी पिछले दिनों झज्जर के समीप एक बस खराब होने पर चालक, परिचालक और मैकेनिक बस को खड़ी कर शराब के नशे में धुत मिले थे। इसके बाद रोडवेज जीएम ने तुरंत ही उन्हें निलंबित कर दिया। ऐेसे में रोडवेज आगे भी इसी तरह के अभियान चलाएगा।
कोट
रोडवेज के बेड़े में अगले माह से पांच बसें शामिल हो जाएंगी। वहीं चार बसें हट जाएंगी। रक्षाबंधन को देखकर भी हमने पूरे इंतजाम कर लिए हैं। स्टैंड्स पर इंस्पेक्टरों की ड्यूटी लगा दी है। वहीं मीरपुर यूनिवर्सिटी के लिए भी पूरे इंतजाम किए जाएंगे। - लाजपत राय, जीएम, रेवाउ़ी डिपो,