जाम है आम, अटक जाती है लोगों की जान
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
शहर में लगने वाला जाम लोगों के लिए आफत बन गया है। आलम यह है दिन के समय शहर से निकलना मुश्किल बन जाता है। बेतरतीब वाहन चलने से यह समस्या सामने आ रही है। वहीं ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की कमी भी इस समस्या को और बढ़ावा दे रही है। शहर के नाईवाली चौक, भाड़ावास चौक, ब्रास मार्केट, बस स्टैंड, धारूहेड़ा चुंगी, झज्जर चौक, रेलवे रोड, कौनसीवास रोड, बावल चौक आदि जगह जाम लगना आम है। यहां चौपहिया तो क्या दोपहिया वाहन भी नहीं निकल पाता। कई बार वाहन चालकों को आपस में लड़ते भी देखा जाता है। शहर में कई बार इसके लिए मांग उठी, लेकिन समस्या का कोई समाधान नहीं हो सका। शहर के करीब पांच किलोमीटर लंबे सर्कुलर रोड पर तो हालत और भी अधिक खराब है।
----------
टैंपो है सबसे बड़ी समस्या
शहर में चल रहे टैंपो भी इस समस्या को बढ़ावा दे रहे हैं। टैंपो चालक मनमर्जी से टैंपो सड़क के बीच में खड़ा कर देते हैं। ऐसे में लंबा जाम लग जाता है। वहीं परमिट वाली बसें भी बस स्टैंड के बाहर खड़ी रहती हैं। इससे भी बड़ी समस्या आ जाती है।
------------
नाईवाली पर भी नहीं हो सका समाधान
जाम की समस्या से निपटने के लिए यातायात पुलिस ने रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले वाहनों को नाईवाली चौक से होकर नारनौल पुल के नीचे से होकर जाना सुनिश्चित किया। इसके बाद भी यह समस्या हल ही नहीं हो रही। शहर का सर्वाधिक जाम भी यहीं पर लगता है। दो दिन पहले भी एक ट्रक नारनौल पुल के उतरकर नाईवाली चौक पर खराब हो गया। जिससे सुबह करीब दो घंटे तक लोग परेशान रहे।
------------
शहर में पार्किंग नहीं होना भी बड़ी समस्या
जाम की समस्या पार्किंग नहीं होने की वजह से भी बढ़ जाती है। शहर में नगर परिषद की ओर से पार्किंग के कहीं पर भी इंतजाम नहीं किए गए हैं। ऐेसे में लोग दुकानों के सामने अपने वाहन खड़े कर देते हैं। इसका खामियाजा अन्य वाहन चालकों को उठाना पड़ता है। हालांकि नगर परिषद की ओर से शहर में ब्रास मार्केट, राव तुलाराम पार्क के समीप तथा झज्जर चौक के समीप पार्किंग स्थल चिह्नित किए हैं। इनके शुरू होने तक यह समस्या बनी रहेगी।
------------
दो दिन नारनौल रोड रहेगा बंद
अभी शहरवासियों की समस्या और बढ़ने वाली है। नारनौल रोड पर गोपाल देव चौक से थोड़ा पुल बनाया जा रहा है, जिसके कारण नारनौल की ओर जाने वाले मार्ग को 28 फरवरी व एक मार्च के लिए बंद कर दिया गया है। नारनौल जाने के लिए लोगों को गोपालदेव चौक से महेंद्रगढ़ रोड की ओर से जाना पड़ेगा। नारनौल से रेवाड़ी की ओर आने वाले लोगों को कनूका मोड़ से भाड़ावास गांव की ओर जाना पड़ेगा। इससे लोगों को करीब 15 से 25 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी। इस संबंध में एलएंटी कंपनी के एडमिन प्रबंधक यूके मंडल ने बताया कि नारनौल रोड पर पुल का निर्माण कार्य किया जा रहा है। यह कार्य दो दिन किया जाएगा। जिससे इस रोड पर चलने वाले वाहनों को डायवर्ट किया गया है।
----------
यातायात पुलिसकर्मियों की कमी
शहर में यातायात पुलिसकर्मियों की कमी भी जाम का सबसे बड़ा कारण है। जिले में यातायात पुलिस के पास कुल 30 पुलिसकर्मी है। इनमें से भी कई हाइवे पर लगा दिए जाते हैं। ऐेसे में शहर की यातायात व्यवस्था का जिम्मा इन कुछेक पुलिसकर्मियों पर ही रह जाता है। हालांकि इनकी सहायता के लिए होमगार्ड भी रहते हैं। लेकिन उनसे भी कुछ पार नहीं पड़ पाती।
------------
शहर में जाम की समस्या से शीघ्र निपटा जाएगा। परिषद की मीटिंग में पार्किंग स्थल की समस्या पर मंथन होगा। इसके बाद इसका निपटारा कर दिया जाएगा। हमने शहर में तीन पार्किंग स्थल चिह्नित किए हैं। - मनोज यादव, ईओ, नगर परिषद
यह सही है हमारे पास पुलिसकर्मियों की कमी है। इसके बाद भी पुलिसकर्मी पूरी तत्परता से अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं। अगर नफरी बढ़ती है तो काफी लाभ होगा। - सूरजभान, प्रभारी, यातायात पुलिस
शहर में जाम की बहुत बड़ी है। कई बार नरिषद को इसके लिए लिख चुके हैं। लेकिन समस्या का कोई हल ही नहीं निकल पाता। समझ नहीं आ रहा क्या करें। - बंटी कुमार, रेलवे कॉलोनी
शहर की सड़कों से निकलना बहुत मुश्किल भरा है। पांच मिनट का रास्ता आधे घंटे में तय होता है। इसमें से भी सर्कुलर रोड की तो हालात और अधिक खराब है। - राहुल शर्मा, गोपाल देव चौक के समीप
जाम की समस्या दशकों पुरानी है। कई बार इसके लिए मांगें उठी। लेकिन समाधान नहीं हो पाता। इच्छा शक्ति की कमी है। - दयानंद शर्मा, सरस्वती विहार
सड़कों पर लगने वाला जाम हमारे लिए बहुत बड़ी मुुसीबत है। वाहन तो छोड़िए पैदल भी नहीं निकला जाता। बहुत परेशानी होती है। - रमेश सचदेवा, संघी का बास
जाम रोकने के लिए प्रशासन पूरी तरह असहज है। हमने कई बार इसके लिए मांग उठाई लेकिन इसका कोई समाधान नहीं हुआ। - विरेंद्र सैनी, राव तुलाराम विहार