रेवाड़ी। नगर परिषद की ओर से कराए गए प्रॉपर्टी सर्वे में किसी प्रॉपर्टी मालिक का मोबाइल नंबर तो किसी का नाम व पता गलत है। इन खामियों को दूर करने के लिए नगर परिषद की ओर से 10 व 11 जून को नगर क्षेत्र में सुबह 10 से शाम 5 बजे तक शिविर लगाए जा रहे हैं। इन 2 दिनों में ही निगम कर्मियों को खामियों के आवेदन लेने हैं और उन्हें पोर्टल पर अपलोड भी करना है। शनिवार तक नप के पास खामियों के 500 आवेदन आए हैं। इसमें सबसे ज्यादा नाम व पता गलत होने की शिकायतें आईं थीं। इस मौके पर किसी का निस्तारण नहीं किया गया। इनमें नाम और पता गलत के 300, मोबाइल नंबर गलत के 115 और अन्य के 85 शिकायतें शामिल हैं।
मालिकों को अपनी प्रॉपर्टी आईडी ठीक करने के लिए नगर परिषद कार्यालय के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। इससे नप के अधिकारी गृहकर वसूली करने की बजाय गलती ठीक करने में उलझे हुए हैं। नगर परिषद क्षेत्र में प्रॉपर्टी सर्वे मुख्यालय स्तर पर याशी कंसल्टेंसी एजेंसी से कराया था। पिछले दो तीन साल पहले शुरू हुए सर्वे के बाद एजेंसी की ओर से सर्वे के नोटिस प्राॅपर्टी मालिकों को दिए गए तो अधिकतर ने खामियां बताकर शिकायत की। इसको लेकर नगर परिषद ने वार्डों में शिविर भी लगाए गए, लेकिन शिकायतों का निवारण नहीं हुआ। रेवाड़ी नगर परिषद क्षेत्र में काफी ऐसी प्रॉपर्टी अटकी हुई हैं, जिनका समाधान होना बाकी है। प्राॅपर्टी टैक्स मैनेजमेंट सिस्टम और नो ड्यूज सर्टिफिकेट (एनडीसी) पोर्टल पर अपलोड हुए आवेदनों पर आपत्तियां जताई जा रही हैं। इससे लोगों को परेशानी हो रही। इसलिए सरकार ने इस पर गंभीरता दिखाते हुए निदेशालय को निर्देश दिए कि सभी आपत्तियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए।
प्रॉपर्टी आईडी में दो लोगों का नाम गलत लिख दिया
पिछले कई दिनों से नगर परिषद के चक्कर काट रहा हूं, लेकिन अभी तक मेरी समस्या का हल नहीं किया है। 85 वर्गगज जमीन की प्रॉपर्टी आईडी में दो लोगों का नाम गलत लिख दिया है।
- रामस्वरूप, रेवाड़ी।
-
समस्या के समाधान पर नहीं दिया जा रहा ध्यान
प्रॉपर्टी आईडी में नाम और मोबाइल नंबर गलत लिखे हुए हैं। इनको दुरुस्त कराने आए थे, जिनका फॉर्म जमा कर लिया है। बताया जा रहा है कि ऑनलाइन के माध्यम से बाद में समस्याओं का समाधान होगा। इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
- नितीश यादव, मीरपुर
-
समस्या का नहीं हो रहा समाधान
मेरी प्रॉपर्टी आईडी में मोबाइल नंबर और पता गलत है। डाकिया जब डाक लेकर आता है तो उसको भी मकान पर पहुंचने पर परेशानी होती है। यहां पिछले कैंप में भी आए थे, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं किया गया है।
- राजपाल, विकास नगर
आईडी में गड़बड़ी के चलते हाउस टैक्स नहीं भर पा रहा हूं
मेरी प्रॉपर्टी आईडी में काफी चीजें गलत की हुई हैं। इसकी वजह से हाउस टैक्स नहीं भर पा रहा हूं। पहली बार यहां आया हूं, मेरी शिकायत कर्मचारियों ने ले ली है। उन्होंने ठीक करने का 10 दिन का आश्वासन दिया है।
-राम कुमार, रेवाड़ी।
वर्जन:
नगर परिषद की ओर से शनिवार को कैंप लगाया गया है। इसमें जिनकी प्रॉपर्टी आईडी संबंधित गलतियां हैं, उन्हें दुरुस्त किया जा रहा है।
-केके यादव, ईओ नगर परिषद रेवाड़ी।
-