रेवाड़ी। शहर के सेक्टर-18 स्थित राजकीय कन्या महाविद्यालय में शुक्रवार को जिलास्तरीय विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता हरियाणा राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के तत्वावधान में आयोजित हुई। इसमें जिले के सात महाविद्यालयों से कुल 12 टीमों ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. ज्योति यादव ने की।
प्रतियोगिता में मेजबान महाविद्यालय की दो टीमों के अलावा अहीर महाविद्यालय रेवाड़ी, राजकीय महाविद्यालय खरखड़ा, केएलपी महाविद्यालय रेवाड़ी और राजकीय महिला महाविद्यालय गुरावड़ा से दो-दो टीमें शामिल हुईं। वहीं, राजकीय महाविद्यालय बावल और राजकीय महिला महाविद्यालय रेवाड़ी से एक-एक टीम ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के संयोजक सुनील कुमार ने बताया कि पहले चरण में 12 टीमों की स्क्रीनिंग परीक्षा हुई जिसमें से 8 टीमों का चयन किया गया। इस परीक्षा का सफल आयोजन डॉ. सुनील कुमार, डॉ. जयश्री और डॉ. योगेश की टीम ने किया। मुख्य चरण में इन 8 टीमों ने हिस्सा लिया जिसमें क्विज मास्टर की भूमिका रसायन शास्त्र विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. ज्योति ने निभाई।
मुख्य चरण के बाद टॉप 5 टीमों का चयन किया गया। इनमें केएलपी महाविद्यालय की दो टीम, अहीर महाविद्यालय की एक टीम, स्थानीय राजकीय कन्या महाविद्यालय की एक टीम और राजकीय महाविद्यालय खरखड़ा की एक टीम शामिल रही। ये पांचों टीमें अब गुरुग्राम में होने वाली जोनल स्तरीय विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी।
जोनल स्तर पर विजेता टीमों को क्रमशः 40 हजार, 30 हजार और 20 हजार रुपये का नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। इसी प्रकार, जोनल स्तर पर चयनित टीमें राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी जहां प्रथम पुरस्कार 1 लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार 80 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार 60 हजार रुपये निर्धारित है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. रजनी, वंदना, मंजू, मौसम, पूनम, मिंटू, अनुपमा, वर्षा, दीपिका, मनीषा, नीरू, प्रकृति, अंजलि और हंसराज सहित स्टाफ के कई सदस्यों का योगदान रहा।