दिल्ली-जयुपर हाइवे संख्या- 48 पर बदमाशों का खौफ बढ़ता जा रहा है। पुलिस गश्त के बावजूद बदमाश रातभर लोगों को अपना निशाना बना रहे हैं। एक सप्ताह के दौरान खेड़ा बार्डर से धारूहेड़ा के बीच लूटपाट व चोरी की पांच बड़ी वारदातों को अंजाम दिया जा चुका है, लेकिन किसी भी मामले में पुलिस बदमाशों का सुराग नहीं लगा पाई है। शनिवार रात को भी बदमाश कसौला थाना क्षेत्र के तहत हाईवे पर बनीपुर चौक व रूध पुल के समीप प्राइवेट बस चालक व ट्रक चालक से लूट की दो बड़ी वारदातों को अंजाम देकर करीब 48 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। वहीं बस चालक से मारपीट करने के साथ ही जमकर तोड़फोड़ भी की गई। इस दौरान हाईवे पर गश्त करने का दावा करने वाली पुलिस को भनक तक नहीं लगी। शिकायत के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
बावल से यूपी के लिए जाने वाली बस में लूटपाट
राजस्थान के झुंझूनू के चिड़ावा निवासी पंकज खत्री ने बताया कि पिछले एक जुलाई से उसने बनीपुर चौक से उत्तरप्रदेश के रसूलाबाद के लिए प्राइवेट बस शुरू की थी। उसने अपनी बस को बनीपुर चौक पर खड़ी की हुई थी। शनिवार रात को दो बाइकों पर सवार होकर चार बदमाश आए तथा कंडक्टर व चालक को बंधक बनाकर रॉड, लाठी-डंडों से जमकर तोड़फोड़ की। उसके बाद कंडेक्टर से करीब 28 हजार 400 रुपये की नकदी छीन कर फरार हो गए। उसके बाद बस मालिक व पुलिस को सूचना दी गई।
हाईवे पर रूध पुल के पास ट्रक चालक से 19 हजार की लूट
दूसरी ओर बनीपुर चौक से महज पांच सौ मीटर की दूरी पर रूध पुल के समीप बाइक सवार बदमाशों ने जयपुर से दिल्ली जा रहे एक ट्रक चालक को रोककर हथियारों के दम पर करीब 19 हजार रुपये की नकदी छीन ली। ट्रक चालक द्वारा शोर मचाने पर बाइक सवार बदमाश वहां से फरार हो गए। सूूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिला। कसौला थाना पुलिस ने ट्रक चालक प्रकान की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कसौला थाना व ट्रैफिक थाना के समीप हुई दोनों वारदात
बतादें कि हाईवे पर बनीपुर चौक पर कसौला थाना व रूध पुल के समीप ट्रैफिक थाना है, जहां रात पर आवाजाही रहती है। इसके अलावा पुलिस का दावा है कि रातभर गश्त की जाती है। इसके बावजूद पुलिस थानों के समीप ही बदमाशों द्वारा लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया जाता है। इससे सहज अंदाजा लगाया जा सकता है कि हाईवे पर बदमाशों को पुलिस का कतई डर नहीं है।
तीन दिन के अंदर चार बड़ी वारदात
शनिवार की रात को हुई दो लूट के अलावा 23 से 25 जुलाई के बीच तीन दिन के अंदर चार बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया जा चुका है, पुलिस के तमाम दावों के बावजूद लूूटेरे हर रोज वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ऐसे में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल भी खड़े हो रहे हैं।
शुक्रवार को एक करोड़ की सुपारी से भरा ट्रक उड़ा ले गए थे बदमाश
बदमाशों ने शुक्रवार को हाईवे पर बांबड़ गांव के समीप पेट्रोल पंप के समीप खड़े एक ट्रक को पार कर दिया, जिसमें करीब एक करोड़ रुपये की कीमत की सुपारी भरी हुई थी। पुलिस ने ट्रक को बरामद करने के लिए टीमों को भी गठन कर दिया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
23 जुलाई अधिकारी बन 19 लाख की लूट हाईवे पर ही साबन पुल के समीप 23 जुलाई की रात को अधिकारी बन कर कागजों की जांच की आड़ में कार सवार बदमाशों ने देशी के घी के व्यापारियों से करीब 17 लाख रुपये की लूटपाट की थी, जिसमें पुलिस को भिवानी के समीप बदमाशों की लावारिस हालत में खड़ी कार ही बरामद हुई है।
रातभर गश्त के दावों की खुली पोल
पुलिस का दावा है कि हाईवे पर रातभर गश्त की जाती है, ताकि हाईवे पर सफर करने वालेे को किसी भी मुसीबत का सामना न करना पड़े। इसके बावजूद भी बदमाश पुलिस की गश्त की पोल खोल कर आए दिन लूटपाट की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।