एंपलाइज संघर्ष समिति ने मांगों से रोडवेज निदेशक को कराया अवगत
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। रोडवेज एससी एंपलाइज संघर्ष समिति हरियाणा की केंद्रीय कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने राज्य प्रधान प्रहलाद सिंह की अगुवाई में रोडवेज के अतिरिक्त निदेशक विरेंद्र दहिया से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में रेवाड़ी जिला कार्यकारिणी के भी पदाधिकारी शामिल थे। बैठक में पदाधिकारियों ने एंपलाइज यूनियन की तरफ से लंबित विभिन्न मांगों से अधिकारियों को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों का बैकलॉग अभी तक नहीं भरा गया है। इसको लेकर कई बार सरकार को अवगत कराने के बाद भी कोई समाधान नहीं किया जा रहा है। अतिरिक्त निदेशक ने इस बारे में राज्य सरकार की मंशा साफ कर कहा कि बैकलॉग को भरने की नीति तैयार की जा चुकी है। यह कार्य जल्द हो जाएगा। इसके अलावा अतिरिक्त निदेशक ने कहा कि जल्द ही सभी कैडरों में प्रमोशन में आरक्षण का प्रावधान रोस्टर अनुसार किया जाएगा। सभी डिपो और मुख्यालय में रोस्टर रजिस्टर लागू किया जाएगा। ट्रेनिंग स्कूलों में भी आरक्षण लागू किया जाएगा। नये सर्विस रूल के अनुसार सभी कर्मचारी अपने प्रोबेशन पीरियड के पूर्ण होने उपरांत कंफर्म हो जाते हैं और 2016 में लगे चालकों का वेतन जल्द ही दिए जाने के आदेश दिए हैं। ठेके पर काम कर रहे सफाई कर्मचारियों व अन्य कर्मचारियों के मामले में अब ठेकेदारों पर कार्रवाई की जाएगी तथा कर्मचारियों को चेक के जरिए पूरा वेतन का भुगतान करना पड़ेगा। उनका पीएफ भी खाते में जमा करवाना होगा। 2012 में भर्ती होने वाले परिचालकों की वरिष्ठता को एक समान किए जाने को लेकर जांच की जाएगी। साथ ही यूनियन ने सरकार द्वारा विभाग में प्राइवेट बसे लाई जाने को लेकर विरोध जताया तथा नई बसें शामिल किए जाने की मांग रखी। बैठक में वरिष्ठ राज्य उप प्रधान भगत सिंह सांभरिया, महासचिव मनोज चहल, जिला उपप्रधान कुलदीप सिंह सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थे।