राजकीय महिला महाविद्यालय रेवाड़ी ने बावल को 41-20 से दी मात
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। राजकीय महिला महाविद्यालय रेवाड़ी में बुधवार को तीन दिवसीय राज्य स्तरीय इंटर कॉलेज महिला कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में नगराधीश डॉ. बीरेंद्र सिंह ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक रणधीर सिंह कापड़ीवास ने की। मुख्यातिथि ने दीप प्रज्ज्वलित करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके उपरांत प्रदेशभर से 18 कॉलेजों की टीमों ने संयुक्त रूप से खेल भावना की शपथ ली। प्रतियोगिता में रेवाड़ी के राजकीय महिला कॉलेज, राजकीय महिला महाविद्यालय तोशाम, राजकीय महाविद्यालय बापौली पानीपत, द्रोणाचार्य कॉलेज गुरुग्राम, राजकीय महिला महाविद्यालय भिवानी, राजकीय महाविद्यालय बावल, राजकीय महाविद्यालय कंवाली, राजकीय महाविद्यालय आदमपुर, एमएम कॉलेज झोझूकला, राजकीय महिला महाविद्यालय सांपला, एसडीएमएम कॉलेज नरवाना, राजकीय महिला महाविद्यालय सफीदों, सीआरएम कॉलेज हिसार, टीआर कॉलेज सोनीपत, राजकीय महाविद्यालय लोहारू, राजकीय महिला महाविद्यालय फरीदाबाद,वीएमएम कॉलेज रोहतक, एमकेजेके कॉलेज रोहतक आदि से कॉलेजों की टीमों ने हिस्सा लिया।
---
पहले दिन हुए पांच मुकाबले
पहले दिन पांच मुकाबले हुए। प्रतियोगिता में पहले मैच रेवाड़ी के राजकीय महिला महाविद्यालय की टीम ने बावल के राजकीय महाविद्यालय की टीम को 41-20 अंक से पराजित किया। अन्य मैचों में सीआरएम हिसार की टीम ने राजकीय महाविद्यालय बापौली पर 41-12 से जीत दर्ज की। तीसरा मुकाबला द्रोणाचार्य कॉलेज गुरुग्राम ने राजकीय कॉलेज फरीदाबाद को 37-10 अंक से पराजित किया। चौथा मैच राजकीय महिला महाविद्यालय झोझूकलां की टीम ने राजकीय महाविद्यालय लोहारू को 32-04 के अंतर से हराया। वहीं पांचवें मैच में एसडी कॉलेज नरवाना ने राजकीय महिला महाविद्यालय भिवानी को 30-04 से पराजित कर अगले राउंड में प्रवेश किया। इस अवसर पर खेल विभाग की अध्यक्ष एवं पद्मश्री, द्रोणाचार्य पुरस्कार अवार्डी डॉ. सुनील डबास, डॉ. सुधीर यादव, दक्षिण हरियाणा विकास लोकमंच के अध्यक्ष जगजीत सिंह, महासचिव प्रो. रणवीर सिंह यादव, अन्य कालेजों प्राचार्य सहित अन्य लोग उपस्थित थे।