जिले में नहरी पेयजल योजना के लिए भेजा 200 करोड़ का प्रस्ताव
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
हरियाणा के जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने कहा कि प्रदेश के शहरों में 99 हजार 728 पानी के कनेक्शन और एक लाख 19 हजार 135 सीवरेज के कनेक्शन प्रदान किये गये हैं। इससे सरकार को 25.49 करोड़ रुपये का राजस्व भी प्राप्त हुआ है। इसी प्रकार राज्य के विभिन्न गांवों में भी 90 हजार 497 पानी के कनेक्शन दिए गए हैं।
डॉ. बनवारी लाल शनिवार को राजीयाका गांव में नवनिर्मित गलियों का उद्घाटन करने के उपरांत जनसभा को संबोधित कर रहे थे। रेवाड़ी जिले के बारे में उन्होंने बताया कि जिले के सभी गांवों को नहरी पेयजल योजना से जोड़ने के लिए 200 करोड़ रुपये का प्रस्ताव सरकार के पास भेजा हुआ है, जिसे जल्दी ही मंजूरी मिल जाएगी। उन्होंने बताया कि जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में 172 कार्य प्रगति पर हैं, जिनकी अनुमानित लागत 509 करोड़ रुपये है और इन कार्यों पर अब तक 214 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2017-18 में जिले का कुल बजट विभाग का 168 करोड़ 37 लाख रुपये जारी किया था। अब तक 62 करोड़ 18 लाख रुपये नहर पर आधारित जलघर, बूस्टिंग स्टेशन, डीआई पाइप लाइन, सीवरेज पर खर्च किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि प्रदेश की सभी ढाणियों में भी घर-घर पानी पहुंचाया जाएगा।
जनस्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि वर्तमान हरियाणा सरकार प्रदेश में सबका साथ- सबका विकास के सिद्धांत पर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में समान विकास कार्य करवा रहे हैं। आज तहसीलों में ई-रजिस्ट्रेशन, वृद्धावस्था पेंशन और राशन ऑनलाइन किया है, जिससे लाभार्थी को सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि बावल विधानसभा क्षेत्र में बिजली के क्षेत्र में भी बड़ा सुधार किया जा रहा है। मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने इसके उपरांत बालावास जाट व भडंगी गांव में भी विकास कार्यों का उद्घाटन किया। डॉ. बनवारी लाल ने राजियाकी, बालावास जाट व भडंगी गांवों के लिए 10-10 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।