12 गांवों में रिक्त पंच पदों के उप-चुनाव की घोषणा
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
हरियाणा राज्य चुनाव आयोग की ओर से जिले के खंड बावल, जाटूसाना, डहीना व रेवाड़ी सहित कुल 12 गांवों में रिक्त हुए पंच पदों के उप-चुनाव के कार्यक्रम को जारी किया गया है। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) पंकज ने बताया कि इन उप चुनाव के लिए नामांकन पत्र 18 जनवरी से 24 जनवरी तक 10 बजे से 3 बजे तक प्राप्त किए जाएंगे। राजपत्रित अवकाश 21 व 22 जनवरी को नामांकन पत्र प्राप्त नहीं किए जाएंगे। नामाकन पत्रों की छटनी का कार्य 25 जनवरी को प्रात: 10 बजे से 3 बजे तक होगा। उम्मीदवार द्वारा 27 जनवरी को सायं 3 बजे तक नाम वापस लिया जा सकता है और चुनाव चिह्न 27 जनवरी को 3 बजे बाद आवंटित किए जाएंगे। चुनाव चिह्न आवंटन के तुरंत बाद चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी जाएगी।
इन चुनाव के लिए मतदान 4 फरवरी 2018 को प्रात: 8 बजे से 4 बजे के बीच होगा और मतों की गिनती मतदान के तुरंत बाद होगी। जिले में रेवाड़ी खंड के गांव काकोडिया वार्ड नंबर 9, फिदेडी वार्ड नंबर एक, चांादावास वार्ड नंबर एक, पदैयावास वार्ड नंबर एक, बुढपुर वार्ड नंबर 6 और बावल खंड के हरचंदपुर वार्ड नंबर एक, खुर्मपुर वार्ड नंबर 3, लाधुवास गुर्जर वार्ड नंबर 6, पीथनवास वार्ड नंबर 4, नांगल शहबाजपुर वार्ड नंबर 2 व जाटूसाना खंड के बेरली खुर्द वार्ड नंबर 8 तथा डहीना खंड के दिदौली गांव में वार्ड नंबर 4 में पंच पदों के उपचुनाव होने हैं।