रेवाड़ी। धारूहेड़ा के विपुल गार्डन के समीप एक गैराज में वेल्डिंग के दौरान आग पकड़ने से एक बस जलकर खाक हो गई। समीप खड़ी एक अन्य बस को भी नुकसान पहुंचा है। धारूहेड़ा दमकल की एक गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
गुरुग्राम के बेलसपुर गांव निवासी हजारी ने बताया कि वह अपनी बस का यहां एक वर्कशॉप में काम करा रहा था। वेल्डिंग करते समय शॉर्ट सर्किट से बस में आग लग गई, जिससे बस धूं-धूंकर जलने लगी। आग से समीप खड़ी एक अन्य मिनी बस को भी नुकसान हुआ है। मिनी बस के मालिक राजुरा की ढाणी निवासी अनिल ने बताया कि आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।