संवाद न्यूज एजेंसी
धारूहेड़ा। ग्राम खरखड़ा स्थित प्राचीन बाबा भैरु मंदिर परिसर में महंत तपस्वी बाल योगी दिवाली नाथ महाराज की तरफ से 41 दिन की ग्यारह धुनें एवं खड़ेसरी तपस्या का शुभारंभ 19 मई से किया गया। यह धार्मिक आयोजन 30 जून तक चलेगा। आयोजन बाबा भैरु मंदिर कमेटी एवं समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से कराया जा रहा है।
महंत तपस्वी बाल योगी दिवाली नाथ महाराज ने बताया कि यह तपस्या समाज कल्याण, सुख-शांति एवं युवाओं को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से की जा रही है। धार्मिक साधना और आध्यात्मिक वातावरण से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है तथा लोगों को सामाजिक बुराइयों से दूर रहने की प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने बताया कि इससे पहले भी वे जिला भिवानी के ग्राम भूंगला, दादा गोसाई धाम विध्नोई, बहल सहित विभिन्न स्थानों पर खड़ेसरी तपस्या कर चुके हैं। खरखड़ा में चल रही यह उनकी जीवन की सोलहवीं खड़ेसरी तपस्या है।