शिविर में अतिथि को स्मृति चिह्न भेंट करते आयोजक। स्रोत: क्लब
बावल। रोटरी क्लब रेवाड़ी मेन और बार एसोसिएशन बावल के संयुक्त तत्वावधान में एसडीजेएम कोर्ट कॉम्प्लेक्स में शनिवार को आयोजित रक्तदान शिविर में 40 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। शिविर में अधिवक्ताओं, रोटरी क्लब के सदस्यों, युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने रक्तदान किया।
शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि पारिवारिक न्यायालय बावल के प्रधान न्यायाधीश अरविंद सिंह, एसडीजेएम आलोक आनंद और जेएमआईसी प्रदीप कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान मानवता की महान सेवा है। जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध करवाने के लिए सभी को आगे आना चाहिए।
रोटेरियन जेपी चौहान ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद को जीवन देने का माध्यम है। अध्यक्ष रुचि चौहान ने कहा कि क्लब भविष्य में भी ऐसे सामाजिक सेवा कार्य जारी रखेगा। इस मौके पर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष नितिन कौशिक, आरती अरोड़ा, दिनेश कुमार, रोटेरियन दिनेश लखेरा, अनुराधा, नवीन अदलखा मौजूद रहे। शिविर के समापन पर सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।