संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। मीरपुर स्थित इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय 7 सितंबर को अपनी स्थापना के 13 वर्ष पूरे होने पर 13वां स्थापना दिवस मनाएगा। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर असीम मिगलानी ने दक्षिणी हरियाणा के क्षेत्र में विद्यार्थियों के व्यक्तित्व एवं कौशल विकास, संस्कारपरक शिक्षा एवं उद्यमिता को बढ़ावा देकर उन्हें स्वावलंबी बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संकल्प दिलवाया।
उन्होंने इस अवसर पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्थापना दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय प्रांगण में यज्ञ का आयोजन किया जाएगा है, जिसमें सभी शिक्षक, गैर-शिक्षण स्टाफ सदस्य एवं विद्यार्थी अपनी आहुति डालेंगे और इस विश्वविद्यालय को उन्नति के पथ पर आगे बढ़ाने का संकल्प लेंगे।
उन्होंने कहा कि दक्षिणी हरियाणा के इस विश्वविद्यालय से यहां के निवासियों को हमेशा ही बहुत सी अपेक्षाएं रही है क्योंकि 25 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद यह संस्थान रीजनल सेंटर से विश्वविद्यालय का दर्जा पा सका। कभी महज 4 कोर्सों के साथ शुरू हुआ यह संस्थान आज 14 संकायों और 26 विभागों से युक्त है जिसमें 38 कोर्स चलाए जा रहे हैं।
रेवाड़ी एवं महेंद्रगढ़ के 132 महाविद्यालयाें में लगभग 70 हजार छात्र शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। अपनी स्थापना के समय से ही हमारे सामने सबसे बड़ी चुनौती संसाधनों की रही है परंतु इन सब के बावजूद यह विश्वविद्यालय पूर्ण निष्ठा एवं संकल्प के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है।