अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। बीएसएफ के जवानों को दिए जाने वाले भोजन के मामले में चर्चाओं में रहे तेज बहादुर का कहना है कि संभवतया उसके बेटे द्वारा सेल्फी ली जा रही होगी क्योंकि रिवाल्वर की अन्य गोलियां निकाली हुई हैं। इसलिए हो सकता है ट्रिगर दब गया होगा। तेज बहादुर यादव ने उसके बेटे द्वारा आत्महत्या जैसे कदम उठाने से साफ इनकार करते हुए कहा है कि वह बहादुर जवान का बेटा था। उसने मेरी बर्खास्तगी जैसा दुख झेला है तब ऐसा कदम नहीं उठाया तो अब क्यों उठाता। जानकारी मिलने के बाद प्रयाग कुंभ से लौटे तेज बहादुर यादव शुक्रवार सुबह अपने घर पहुंचे। उनका कहना है कि उनका बेटा आत्महत्या नहीं कर सकता है गलतीवश उससे गोली चल गई होगी। दूसरी तरफ पुलिस का कहना है कि जांच में स्पष्ट हो गया है कि रोहित के कमरे में जो रिवाल्वर मिली है उसका लाइसेंस उसके पिता तेज बहादुर के नाम है। हालांकि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि रिवाल्वर रोहित यादव के पास कैसे पहुंची। 21 वर्षीय रोहित यादव की गोली लगने से हुई मौत के बाद पुलिस ने शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।
अस्पताल में उमड़ा पूरा गांव
तेज बहादुर यादव जिला महेंद्रगढ़ के राता कलां गांव के रहने वाले हैं। बीएसएफ में नौकरी के बाद से शहर के कालाका रोड स्थित सरस्वती विहार में ही अपना मकान बनाकर रहे हैं। जनवरी 2017 में खराब खाने को सोशल मीडिया पर विडियो वायरल होने के बाद चर्चाओं में आने के बाद उस समय भी उनके गांव के लोग बड़ी संख्या में उनसे मिलने पहुंचे थे। वीरवार रात को जैसे ही उनके पुत्र की गोली लगने से हुई मौत का समाचार मिला तो परिजन और उनके गांव के लोग रात को ही रेवाड़ी पहुंच गए थे। वहीं शुक्रवार सुबह जब रोहित यादव के शव का पोस्टमार्टम प्रारंभ हुआ तब अस्पताल परिसर में गांव के बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए और पोस्टमार्टम होने के बाद अंतिम संस्कार के लिए शव लेकर गांव लौट गए। ग्रामीण इस बात को लेकर भी काफी दुखी नजर आए क्योंकि तेज बहादुर की बर्खास्तगी के बाद भी गांव के लोगों ने बीएसएफ के प्रति नाराजगी जताई थी। अब युवा इकलौते बेटे की हुई मौत से परिवार पर भी दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। तेज बहादुर कुंभ में प्रयाग गए थे जबकि उनकी पत्नी शर्मिला कंपनी में ड्यूटी पर गई थी। जब वे शाम को पहुंची तो उनको बेटे रोहित यादव का कमरा अंदर से बंद मिला। जब पुलिस को बुलाकर कमरे का दरवाजा तोड़ा गया रोहित का गोली लगा शव मिला था।
-----------------------
शव का बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल सभी एंगल से मामले की जांच की जा रही है। आत्महत्या से भी इनकार नहीं किया जा सकता है लेकिन परिजनों ने कहा है कि वह आत्महत्या नहीं कर सकता है। - दिनेश कुमार, जांच अधिकारी, मॉडल टाउन थाना प्रभारी।