7 को शहर के अहीर कॉलेज में पहुंचेगी इनसो कॉलेज यात्रा
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। छात्र संघ चुनाव की बहाली को लेकर इनसो की ओर से चलाई जा रही कॉलेज यात्रा 7 फरवरी को रेवाड़ी के अहीर कॉलेज में पहुंचेगी। यहां इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय सिंह अपने विचार रखेंगे। इसके तहत 16 फरवरी को गुरु जम्भेश्वर यूनिवर्सिटी हिसार में इनसो छात्रसंघ चुनाव बहाल कराने को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठेगी। दिग्विजय सिंह छात्रों से रूबरू होकर उनकी समस्या जानने के साथ साथ अनिश्चितकालीन धरने का निमंत्रण देंगे। इनसो जिला प्रधान सत्येंद्र झाबुआ ने बताया कि 7 फरवरी को रेवाड़ी आगमन पर जिले के तीनों हलकों से सैकड़ों की संख्या में नए साथी छात्र संगठन ज्वाइन करेंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए रेवाड़ी जिला प्रभारी मोहित लोहचब व जिला प्रधान सत्येंद्र झाबुआ ने शहर के अहीर कॉलेज, केएलपी कॉलेज, राजकीय महाविद्यालय बावल और साथ ही आस पड़ोस के गांव बालावास, मोहम्मदपुर, सांजरपुर व शेखपुर में जाकर युवाओं को कार्यक्रम में पहुंचने का आह्वन किया और सभी पदाधिकारियों की जिम्मेदारी लगाई गई। इस अवसर पर नवीन शर्मा, रवि मसीत, दिनेश फलसवाल, हितेश यादव, विकास साजंरपुर, संदीप शर्मा, धम्मल बधराणा आदि उपस्थित थे।