प्रदेश में बिछा सड़कों का जाल : राव नरबीर
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। हरियाणा के लोक निर्माण भवन एवं सड़क तथा वन मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि विभाग की जो भी फाइलें मुख्यमंत्री के पास जाती हैं। वह फाइलें 48 घंटे में में बिना आपत्ति के मंजूर हो जाती हैं। यही कारण है कि पूरे प्रदेश में सड़कों का काम तेजी हो रहा है।
राव नरबीर सिंह रेवाड़ी जिले के गांव मूसेपुर में पूर्व मंत्री कर्नल महासिंह स्मृति द्वार का उद्घाटन करने के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे। यह द्वार उनके बेटों कुलदीप यादव व नरेश यादव ने बनवाया है। लोकनिर्माण मंत्री ने कहा कि प्रदेश में जो भी 33 फीट के रास्ते हैं। उनको पक्का किया जाएगा। वर्तमान सरकार सबका साथ- सबका विकास नारे के साथ कार्य कर रही है। इसी नारे को साकार करते हुए प्रदेश की सभी सड़कों का सुधारीकरण का कार्य हो रहा है। उन्होंने कहा कि दक्षिण हरियाणा से पहली बार सभी विधायक भाजपा के चुने जाने से क्षेत्र में विकास कार्य आयाम को छू रहे हैं। उन्होंने कहा कि रोहडाई मोड़ से डहीना तक 40 करोड़ रुपये की लागत से 10 मीटर चौड़ी सड़क बनाई जाएगी। इसका कार्य आगामी तीन माह में शुरू हो जाएगा। स्कूल अपग्रेड पर राव नरबीर ने कहा कि यदि सभी नॉर्म पूरे हुए तो इस स्कूल को सीनियर सेकेंडरी तक अपग्रेड कराया जाएगा। उनका कहना था कि सरकारी स्कूल निजी स्कूलों से अच्छे हैं।
इस दौरान नेपाल से सांसद महेंद्र सिंह ने कहा कि नेपाल के 25 लाख लोग भारत में काम करते हैं। नेपाल में 40 लाख लोग यादव रहते है। यहां कैप्टन राम रतन, मुख्य अध्यापक राम नारायण, नांगल मूंदी व गुगोढ की पंचायत ने राव नरबीर को पगड़ी पहनाकर सम्मानित भी किया। इस अवसर पर व्यवसायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सतीश खोला, जिला पार्षद शारदा, सरपंच जागृति, शिक्षाविद् डॉ. उमा शंकर, कुलदीप यादव व नरेश यादव आदि मौजूद थे।