नागरिक अस्पताल में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर अभियान का शुभारंभ करते पीएओ डॉ. सुरेंद्र यादव।
रेवाड़ी। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर वीरवार को नागरिक अस्पताल में अभियान का शुभारंभ पीएओ डॉ. सुरेंद्र यादव ने किया। इस दौरान अस्पताल में पहुंचे बच्चों को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाई गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले में 1 से 24 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों, किशोरों और युवाओं को कृमि संक्रमण से बचाव के लिए दवा दी गई।
अभियान के नोडल अधिकारी एवं डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. भंवर सिंह ने बताया कि वीरवार को जिले में कुल 3 लाख 14 हजार 450 बच्चों, किशोरों और युवाओं को कृमि मुक्ति की दवा खिलाई गई।
अभियान के दौरान दवा लेने से वंचित रह गए 36,955 लाभार्थियों को कवर करने के लिए 19 नवंबर को मॉप-अप राउंड आयोजित किया जाएगा। इसके तहत छूटे हुए लाभार्थियों को दवा दी जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले में अभियान के तहत 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 3 लाख 24 हजार 778 बच्चों एवं किशोरों और 20 से 24 वर्ष आयु वर्ग के 26 हजार 627 लाभार्थियों को दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
डॉ. भंवर सिंह ने बताया कि पेट में कृमि होने से बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास पर असर पड़ सकता है। इससे पोषण की कमी, कमजोरी और खून की कमी जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
कृमि मुक्ति की दवा बच्चों और युवाओं के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में मदद करती है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दवा अवश्य दिलवाएं। जो लाभार्थी किसी कारण से दवा लेने से रह गए हैं, वे 19 नवंबर को आयोजित मॉप-अप राउंड में इसका लाभ उठाएं।