रेवाड़ी रेलवे स्टेशन पर खड़ी ट्रेन। संवाद
रेवाड़ी। गोगामेड़ी मेले में जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे प्रशासन ने रेवाड़ी-गोगामेड़ी के बीच मेला स्पेशल ट्रेनों का संचालन करने का निर्णय लिया है। इससे रेवाड़ी, महेंद्रगढ़ और सादुलगढ़ के श्रद्धालुओं को काफी सहूलियत होगी।
रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि रेवाड़ी-गोगामेड़ी मेला स्पेशल ट्रेन 30 अगस्त से 9 सितंबर तक 11 फेरे लगाएगी। इसके बाद 18 से 20 सितंबर तक इसके तीन फेरे होंगे।
यह ट्रेन रेवाड़ी से शाम 6 बजकर 10 मिनट पर रवाना होकर रात 11 बजकर 10 मिनट पर गोगामेड़ी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन गोगामेड़ी से रात 11 बजकर 40 मिनट पर चलकर सुबह 5 बजकर 15 मिनट पर रेवाड़ी पहुंचेगी। रास्ते में इसका ठहराव महेंद्रगढ़, लोहारू और सादुलपुर स्टेशन पर होगा।
इसी तरह दूसरी मेला स्पेशल ट्रेन 31 अगस्त से 9 सितंबर तक 10 फेरे और 18 से 21 सितंबर तक चार फेरे लगाएगी। यह ट्रेन रेवाड़ी से सुबह 6 बजकर 15 मिनट पर रवाना होकर सुबह 10 बजकर 15 मिनट पर गोगामेड़ी पहुंचेगी। वापसी में गोगामेड़ी से सुबह 10 बजकर 45 मिनट पर रवाना होकर शाम 4 बजकर 50 मिनट पर रेवाड़ी पहुंचेगी।
रेलवे के अनुसार सादुलपुर-गोगामेड़ी के बीच भी 28 अगस्त से 26 सितंबर तक मेला स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए इन ट्रेनों में अतिरिक्त सामान्य श्रेणी के डिब्बे लगाए जाएंगे। इससे मेले में जाने वाले श्रद्धालुओं को सफर में राहत मिलेगी और नियमित ट्रेनों पर भी अतिरिक्त यात्री भार कम होगा।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन के संचालन, समय और ठहराव की जानकारी रेलवे के अधिकृत माध्यमों से प्राप्त कर लें।
मेले के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ने को देखते हुए रेलवे की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। गोगामेड़ी जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष ट्रेनों के संचालन से रेवाड़ी और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को भी सीधी रेल सुविधा का लाभ मिलेगा।