संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिले में लगातार डेंगू के मरीज मिल रहे हैं। मंगलवार को भी डेंगू के 3 मरीज मिले। लगातार नए केस मिलने को लेकर गंभीर स्वास्थ्य विभाग ने नगर परिषद से फॉगिंग कराने की सिफारिश की लेकिन नियमित फॉगिंग नहीं कराई जा रही है। मंगलवार को बुखार से पीड़ित 14 लोगोें के रक्त के नमूनों की जांच कराई गई जिसमें डेंगू के 3 नए मरीज मिले हैं। अब जिले में डेंगू मरीजों की संख्या 263 हो गई है। करीब 230 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। कुल मामलों में आधे रेवाड़ी शहर के हैं। वहीं अबतक मलेरिया के 8 मामले मिल चुके हैं। डेंगू मरीजों की संख्या बढ़ने पर स्वास्थ्य विभाग ने नगर परिषद को पत्र लिखकर फॉगिंग कराने का आग्रह किया है। इसके बाद भी फॉगिंग पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। बहुत से क्षेत्रों में फोगिंग ही नहीं की गई है।
स्वास्थ्य विभाग के निर्देश पर कर्मचारी घर-घर जाकर कूलर, एसी व अन्य जगह भरे पानी में मच्छरों के लार्वा की जांच कर रहे हैं। जहां मच्छरों के लार्वा मिले, उनको नोटिस भी दिए जा रहे हैं। इस साल विभाग ने कोई चालान नहीं काटा है। मात्र 4045 लोगों को ही नोटिस थमाया गया है।
अबतक लिए गए 4307 नमूने
इस वर्ष अब तक डेंगू के संदिग्ध लोगों के रक्त के 4307 नमूने लिए गए। इनमें सरकारी व निजी लैब व निजी अस्पताल भी शामिल रहे। इन नमूनों की जांच में हर 16वां व्यक्ति डेंगू से पीड़ित मिला। पिछले वर्ष लगभग 5500 सैंपल लिए गए थे, जिनकी जांच में हर 13वां पीड़ित पाया गया। डेंगू का एलाइजा टेस्ट केवल सिविल अस्पताल में ही हो रहा है।
वर्जन:
डेंगू के लक्षण मिलने पर संबंधित लोग नजदीकी अस्पताल में पहुंचकर उपचार करा सकते हैं। सिविल अस्पताल में डेंगू की एलाइजा जांच निशुल्क की जा रही है। अभी डेंगू नियंत्रण में है। - बीरेंद्र सिंह, हेल्थ इंस्पेक्टर, नागरिक अस्पताल