सामूहिक विवाह समारोह में नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देने पहुंचे सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारी ला
- फोटो : Rewari
रेवाड़ी। श्री श्याम सेवा समिति ट्रस्ट की ओर से 14 जनवरी शनिवार को 20वां सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान 22 युगल वैवाहिक बंधन में बंधे और नई जिंदगी की शुरूआत की। इसका शुभारंभ दोपहर 12:15 बजे कटला बाजार स्थित राधा कृष्ण मंदिर में सुभाष सिंहल प्रमुख समाजसेवी द्वारा ज्योत प्रज्वलित कर किया गया। प्रसाद का वितरण दोपहर 12:30 बजे किया गया व दूल्हा शोभायात्रा दोपहर 2:15 बजे प्रमुख समाजसेवी नरेंद्र कुमार लुगानी द्वारा राधा कृष्ण मंदिर कटला बाजार रेवाड़ी से हरी झंडी दिखाकर रवाना की गई। यह शोभायात्रा बैंडबाजे के साथ श्याम बाबा की झांकी के साथ शहर के मुख्य बाजारों से होती हुई विवाह स्थल मॉडल टाउन स्थित हिंदू हाईस्कूल पहुंची।
समिति के चेयरमैन रामकिशन अग्रवाल गंडाला वाले ने बताया कि विवाह स्थल हिंदू हाई स्कूल में शाम को जनस्वास्थ्य व सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने फीता काटकर व बाबा श्याम के समक्ष दीप प्रज्वलित कर विवाहोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान मंत्री ने 11 लाख रुपये दान देने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि समिति ने सभी 22 जोड़ों को घरेलू जरूरत का जो सामान दिया व ऐसा सुंदर विवाह कार्यक्रम आयोजित किया जो किसी भी एक संपन्न परिवार की शादी से कम नहीं है। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि रामकिशन गुप्ता भालखी वाले व संदीप जैन ने भी कन्याओं को आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष मास्टर हुकम चन्द यादव ने की। इस सामूहिक विवाह में मंगलामुखियों के गुरु रुखसार अपनी टीम के साथ पहुंचे व मंच पर जमकर नृत्य कर सभी जोड़ों को अपना आशीर्वाद दिया। पंडित महेश पतसारिया ने सभी जोड़ों के फेरे संपन्न कराए और भोजन के बाद रात्रि 11:30 पर विदाई समारोह आयोजित हुआ।