रेवाड़ी। किसी शरारती तत्व ने अनाज मंडी से सटे जोहड़ (तालाब) की दीवार तोड़ दी। जिससे मंडी में भरे पानी के साथ सरसों और गेहूं भी बहकर तालाब पहुंच गया। वहीं अचानक बहाव में आए अनाज से तालाब में पल रही मछलियां भी मर गईं। जिनकी दुर्गंध आसपास फैल गई। गुस्साएं ग्रामीणों ने एसडीएम से मुलाकात कर समस्या के समाधान की मांग की है।
बुधवार को हुई तेज बारिश के कारण कोसली की अनाज मंडी में पानी भर गया था। जिससे करीब 60 हजार कट्टे सरसों और 70 हजार कट्टे गेहूं के पानी से तर-बतर हो गए। मंडी में भरे पानी को निकालने के लिए किसी व्यक्ति ने मंडी के समीपवर्ती भाकली गांव के जोहड़ की दीवार को तोड़ दिया, जिससे मंडी में जमा पानी के साथ सरसों व गेहूं भी जोहड़ में बह गया। जिससे ग्राम पंचायत की ओर से जोहड़ में पाली जा रही अधिकांश मछलियों की मौत हो गई। वीरवार सुबह ग्रामीणों नेे जोहड़ में मरीं मछलियों और टूटी दीवार को देखा तो उनमें रोष पनप गया। ग्रामीणों ने एकत्रित होकर गांव की सरपंच रुखसाना के नेतृत्व में उपमंडल अधिकारी अमनदीप से मुलाकात कर विरोध दर्ज कराया। ग्रामीणों ने बताया कि जोहड़ की दीवार मंडी के समीप है। किसी व्यक्ति ने मंडी में जमा बारिश के पानी को निकालने के लिए जोहड़ की दीवार को तोड़ दिया।