कोसली। कोसली रेलवे स्टेशन की शिव कॉलोनी के एक व्यक्ति से 27 मार्च को मारपीट कर कार व मोबाइल छीनकर ले जाने वाले तीन युवकों को पानीपत की सीआईए पुलिस ने काबू किया है। लूटी हुई कार को तीनों आरोपी बेचने के प्रयास में थे। सूचना के बाद पुलिस ने तीनों को दबोच लिया। युवकों की पहचान झज्जर जिले के काड़ौदा निवासी रवि, रोहतक जिले के मकड़ौली निवासी कुलदीप उर्फ सोनू व शिमली गांव के निवासी सुमित के रूप में हुई।
पानीपत पुलिस ने लूटी गई कार भी बरामद कर ली है। उल्लेखनीय है कि शिव कॉलोनी निवासी सोमबीर पुत्र कृष्ण से तीन आरोपी 27 मार्च को मारपीट कर उसकी कार छीनकर ले गए थे। कार में दो मोबाइल भी साथ चले गए थे। सोमबीर की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात युवकों पर दंड संहिता की धारा 379बी के अंतर्गत मामला दर्ज किया था। कोसली पुलिस के अनुसार युवकों को प्रोडक्शन वारंट पर यहां लाया जाएगा।