बावल।उपमंडल के गांव मोहनपुर से लापता नाबालिग छात्रा की बरामदगी नहीं होने के विरोध में रविवार को कमेटी सदस्यों ने धरना स्थल पर बैठक कर आगामी 26 फरवरी को बावल चौरासी की महापंचायत करने का निर्णय लिया गया है। बैठक की अध्यक्षता बावल चौरासी के प्रधान चौधरी सुमेर जैलदार द्वारा की गई। बैठक में 18 फरवरी को बावल कस्बा में जनस्वास्थ्य मंत्री के होने वाले कार्यक्रमों को नपा के उपप्रधान सहित सात पार्षदों द्वारा दूरी बनाए जाने का निर्णय लिया गया। उधर, ग्रामीणों द्वारा जनस्वास्थ्य राज्यमंत्री डॉ बनवारीलाल के आवास के समीप 139 दिन से अनिश्चितकालीन धरना दिया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि गांव मोहनपुर से 27 जून से लापता कक्षा नौवीं छात्रा की बरामदगी नहीं होने एवं स्टेट क्राइम ब्यूरो द्वारा मामले में आरोपी एक युवती की नार्को टेस्ट रिपोर्ट नहीं आने से नाराज कमेटी के सदस्यों ने रविवार को धरना स्थल पर ही पंचायत का आयोजन किया गया। जिसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 26 फरवरी को बावल चौरासी के आह्वान पर महापंचायत का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रशासन के अधिकारी मामले की वास्तु स्थिति से लोगों को अवगत कराए। वक्ताओं ने कहा कि छात्रा की बरामदगी को लेकर ग्रामीणों द्वारा पिछले 139 दिन से धरना दिया जा रहा है, इसके बावजूद प्रशासन द्वारा कमेटी के सदस्यों को गुमराह किया जा रहा है। जबकि सदस्यों द्वारा अधिकारियों से कई बार संपर्क किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि नार्कों टेस्ट की रिपोर्ट में भी जानबूझकर देरी जा रही है, जिससे लोगों में रोष है ।इस अवसर पर बावल चौरासी के प्रधान सुमेर सिंह जेलदार, नगर पालिका उपप्रधान चेतराम रेवाडिया,पार्षद अर्जुन चौकन, राम सिंह नम्बरदार, सरजीत सरपंच दुल्हेडा, सरपंच एसोसिएशन के प्रधान एवं साबन के सरपंच चरणसिंह ऐडवोकेट, रामकिशन महलावत, बने सिंह गुर्जर खेडामुरार, रामचंद्र गुर्जर, मा. मुन्नालाल, महेंद्र बनीपुर, शीला देवी, ज्योति मोहनपुर, मनोज कुमार, सुबेदार रामचंद्र टीकला, नत्थूराम, मुकेश, संतरा, शर्मिला व बलवान सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।
विरोध करने वाले पार्षद
जनस्वास्थ्य राज्यमंत्री डॉ बनवारी लाल के 18 फरवरी को होने वाले कार्यक्रमों में नगर पालिका के उपप्रधान सहित सात पार्षदों द्वारा बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। इन पार्षदों में नप उप चेयरमैन चेतराम रेवाडिया, पार्षद दिनेश कुमार, हीरा सिंह, ऐडवोकेट अर्जुन चौकन, संजय सैनी, गुल्ला राम व कालूराम आदि शामिल है।