अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। चुनाव आयुक्त राजीव रंजन ने बुधवार को सभी उपायुक्तों व चुनाव अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस करके आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों के संबंध में दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने चुनाव प्रबंधन योजना सहित चुनाव के जुड़े तमाम पहलुओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जरूरी प्रबंध करने को कहा। वीडियो कॉन्फ्रेंस में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त अशोक कुमार शर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त प्रदीप दहिया, एसडीएम जितेंद्र कुमार, सीटीएम डॉ विरेंद्र, चुनाव नायब तहसीलदार दलीप सिंह, चुनाव कानूनगो सुनील डांगी भी मौजूद थे। चुनाव आयुक्त राजीव रंजन ने कहा कि प्रदेश में 10 लोकसभा सदस्यों का चुनाव होगा। जिसके लिए सभी अधिकारी समय पर अपनी तैयारियां पूरी कर लें। उन्होंने सभी आरओ को अपने अधीन सभी मतदान केंद्रों का निरीक्षण करने को कहा ताकि उनकी कमियों को समय रहते दुरुस्त किया जा सके। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के प्रत्येक मतदान केंद्र पर मतदाताओं की संख्या 1200 तथा शहरी क्षेत्र के मतदान केंद्र पर 1400 से अधिक नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी जिलों में 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन व्यापक स्तर पर जन भागीदारी के साथ करवाया जाए। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में प्रयुक्त होने वाली सभी वस्तुओं के मूल्य मानक पहले ही निर्धारित कर लिए जाएं।