रेवाड़ी। राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता छात्रवृत्ति योजना (एनएमएमएसएस) परीक्षा 2026-27 के लिए ऑनलाइन आवेदन करने में अब पांच दिन शेष रह गए हैं। इसके बावजूद जिले में विद्यार्थियों के आवेदन की संख्या कम है। अब तक केवल 2135 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। आवेदन की अंतिम तिथि 25 अक्तूबर निर्धारित की गई है, जबकि परीक्षा का आयोजन 29 नवंबर को होगा।
11 सरकारी स्कूलों में आठवीं कक्षा के एक भी विद्यार्थी का आवेदन नहीं हुआ। योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों को कक्षा नौवीं से 12वीं तक हर माह एक हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी। परीक्षा में शामिल होने के लिए विद्यार्थी का हरियाणा के सरकारी या अनुदान प्राप्त विद्यालय में कक्षा आठवीं में पढ़ना अनिवार्य है।
साथ ही उसने कक्षा सातवीं भी सरकारी या अनुदान प्राप्त विद्यालय से उत्तीर्ण की होनी चाहिए। विद्यार्थी के माता-पिता की सभी स्रोतों से वार्षिक आय 3.50 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता देकर उनकी पढ़ाई जारी रखने में मदद करना है।
योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों को चार साल तक प्रतिवर्ष 12 हजार रुपये यानी कुल 48 हजार रुपये की छात्रवृत्ति मिलेगी। राशि सीधे विद्यार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी।
छात्रवृत्ति जारी रखने के लिए प्रत्येक वर्ष नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल पर संबंधित दस्तावेज के साथ आवेदन करना होगा। जिला स्तर पर निर्धारित कोटे के अनुसार चयन किया जाएगा। इसमें पिछड़ा वर्ग-ए के लिए 16 प्रतिशत, पिछड़ा वर्ग-बी के लिए 11 प्रतिशत, अनुसूचित जाति के लिए 20 प्रतिशत और दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए तीन प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है।
आवेदन के साथ प्रमाण-पत्र अपलोड करना होगा
विद्यार्थियों को ऑनलाइन आवेदन के साथ संबंधित प्रमाण-पत्र भी अपलोड करने होंगे। आवेदन में नाम और जन्मतिथि आधार कार्ड में दर्ज विवरण के अनुसार भरना होगा। आरक्षित श्रेणी के विद्यार्थियों को संबंधित प्रमाण-पत्र के आधार पर श्रेणी की जानकारी दर्ज करनी होगी।
रेवाड़ी ब्लॉक में सबसे ज्यादा विद्यार्थी
आंकड़ों के अनुसार रेवाड़ी ब्लॉक में सबसे ज्यादा 1946 विद्यार्थी हैं। इनमें से 705 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। बावल में 1233 विद्यार्थियों में से 526, जाटूसाना में 666 में से 335, खोल में 608 में से 343 और नाहड़ में 524 विद्यार्थियों में से 228 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। कुल विद्यार्थियों में से करीब 42.4 प्रतिशत ने आवेदन किया है, जबकि 57.6 प्रतिशत विद्यार्थी अभी आवेदन से बाकी हैं।
वर्जन
एनएमएमएसएस परीक्षा के लिए पात्र विद्यार्थी 25 अक्तूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। सरकारी और अनुदान प्राप्त विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को योजना का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। पात्र विद्यार्थी समय रहते आवेदन करें, ताकि उन्हें छात्रवृत्ति का लाभ मिल सके।-अशोक कुमार नामवाल, डीएमएस, शिक्षा विभाग रेवाड़ी