संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार के नेतृत्व में अपराधियों पर कार्रवाई के लिए शनिवार रात व रविवार सुबह से जिला पुलिस की तरफ से ऑपरेशन आक्रमण चलाया गया। इस अभियान के दौरान पुलिस ने अवैध हथियार, नशीला पदार्थ और अवैध रूप से शराब बेचने वाले आरोपियों पर बड़े पैमाने पर कार्रवाई करते हुए जघन्य अपराधों सहित 21 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिसमें पुलिस ने 5 पीओ व 2 बेल जम्पर भी गिरफ्तार किए हैं।
अलग-अलग स्थानों से पकड़ी अवैध शराब
खोल थाना पुलिस ने 2 अलग-अलग स्थानों पर अवैध शराब बेचने वालो के खिलाफ कार्रवाईकरते हुए कुल 25 बोतल देशी शराब बरामद करके कुल 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया। कसौला थाना पुलिस ने 12 बोतल देशी शराब बरामद करके एक आरोपी को गिरफ्तार किया। थाना सेक्टर 6 धारूहेड़ा पुलिस ने 17 बोतल देशी शराब बरामद करके एक आरोपी को गिरफ्तार किया। थाना धारूहेड़ा पुलिस ने 10 बोतल देशी शराब बरामद करके एक आरोपी को गिरफ्तार किया। थाना बावल पुलिस ने 1.5 लीटर नाजायज हथकड़ी शराब बरामद करके 1 आरोपी को पकड़ा। थाना सदर पुलिस ने 12 बोतल देशी शराब बरामद करके 1 आरोपी को काबू किया। वहीं सीआईए धारूहेड़ा पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार करके 2 देशी कट्टे और 6 जिंदा कारतूस बरामद किए। वहीं धारूहेड़ा थाना पुलिस ने सट्टा खाईवाली करने के आरोप में एक आरोपी को काबू करके 1730 रुपये बरामद किए।
5 पीओ व 2 बेल जम्पर भी किए गिरफ्तार
पुलिस ने अदालत से विभिन्न मामलों में पीओ व बेल जम्पर घोषित किए 5 पीओ व 2 बेल जम्परों को गिरफ्तार किया है। मॉडल टाउन थाना पुलिस ने कुल 455 ग्राम गांजा बरामद करके 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया। शहर थाना पुलिस ने एक आरोपी को 120 ग्राम गांजा सहित पकड़ा। वहीं कोसली थाना पुलिस ने 14 ग्राम सुलफा बरामद कर एक आरोपी पकड़ा। खोल थाना पुलिस ने 84 ग्राम गांजा सहित एक आरोपी को गिरफ्तार किया।