फोटो : कान्हड़वास प्राइमरी स्कूल में वार्षिक परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्र हल करते छोटे विद्यार्थी
रेवाड़ी। जिले में सोमवार से बालवाटिका-3 से लेकर कक्षा पांचवीं तक की वार्षिक परीक्षाएं शुरू हो गईं। पहले दिन जिले के 393 विद्यालयों में करीब 20,680 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी।
पहले दिन कक्षा पांचवीं की अंग्रेजी, कक्षा तीसरी की हिंदी (लिखित), कक्षा दूसरी की गणित (लिखित) और कक्षा पहली के विद्यार्थियों की अंग्रेजी (लिखित) की परीक्षा आयोजित हुई। वहीं, बालवाटिका के विद्यार्थियों की हिंदी विषय की मौखिक परीक्षा ली गई। स्कूलों में परीक्षा के दौरान शिक्षकों ने बच्चों को शांतिपूर्ण माहौल में बैठाकर परीक्षा दिलाई।
विभाग के मुताबिक कक्षा पहली से तीसरी तक के विद्यार्थियों का मूल्यांकन निपुण हरियाणा मिशन के तहत निर्धारित दक्षताओं के आधार पर किया जा रहा है। इन कक्षाओं में लिखित परीक्षा के साथ-साथ मौखिक मूल्यांकन भी किया जाएगा।
लिखित परीक्षा में बच्चों की पढ़ने, लिखने और समझने की क्षमता का आकलन किया जा रहा है, जबकि मौखिक परीक्षा के माध्यम से सुनने, बोलने और पढ़ने के कौशल को परखा जाएगा।